पार्किंसंस एक दिमागी बीमारी है जिसमें दिमाग के एक विशेष समूह के न्यूरान नष्ट होने लगते हैं। ये न्यूरान दिमाग की कोशिकाओं को आपस में जोड़ते हैं। इनसे डोपाकिन निकलता है जो दिमाग को काम करने के रसायनिक संकेत देता है। न्यूरानों के नष्ट होने से रोगी का अपने विभिन्न अंगों पर कंट्रोल कमजोर पड़ जाता है। शरीर में कंपन होने लगता है और अपने पर होल्ड रख पाना मुश्किल होता है। मांसपेशियों में अकड़न और कठोरता आने लगती है जिससे चलने फिरने, काम करने में दिक्कत पेश आती है।
यह रोग वंशानुगत है या बाहरी कारण इसके लिए जिम्मेदार हैं, यह अभी सिद्ध नहीं हो पाया है। इस बीमारी पर किए गए शोधकार्यों से पता चलता है कि इस बीमारी को विभिन्न स्टेज के लिए कैसे बेहतर ट्रीटमेंट डेवलप किये जा सकते हैं। पार्किंसंस की भरोसेमंद जांच के लिए पैट स्कैनिंग का उपयोग किया जाता है। इससे पता चल जाता है कि क्या रोगी के दिमाग के न्यूरान क्षतिग्रस्त हुए हैं क्या उनमें दिमाग के अन्य हिस्सों तक रसायनिक संकेत पहुंचाने की क्षमता नहीं रही। क्षति किस हद तक हुई है और क्या यह पार्किंसंस के कारण हुई है, पेट स्कैनिंग से ये मालूम करने के बाद ही सही उपचार की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
यदि यह बीमारी वंशानुगत सिद्ध हो जाती है तो डी एन ए की जांच से इस बीमारी का अर्ली स्टेज में ही पता लगाया जा सकता है। जीन थेरेपी इसमें कारगर साबित हो सकती है। स्वीडन के डाक्टर्स ने इस बीमारी के इलाज के लिये एबार्शन के दौरान गिराए गए भ्रूण के दिमागी ऊतकों को रोगियों में रोपा जिससे पांच छह माह में रोगियों की स्थिति में सुधार आने लगा था लेकिन अब तक कोई ऐसा इलाज नहीं है जिससे रोग से पूरी तरह मुक्ति मिल सके। न्यूरोलॉजिस्ट मामले की गंभीरता और लक्षण देखकर दवा देते हैं जिन्हें बदला भी जाता है। शारीरिक कंपन दूर करने के लिए एंटीकोलिनर्जिक दवाएं दी जाती हैं। कुछ मामलों में सर्जरी भी काम आती है। इसके अलावा मस्तिष्क में इलैक्ट्राड लगाकर भी उसे सक्रिय करने जैसी टैक्नीक पर अनुसंधान चल रहा है। मेडिकल साइंस हर समय नई-नई खोज में लगा है। हो सकता है निकट भविष्य में कोई कारगर दवा इस रोग की रोकथाम करने में सफल हो।
यह बीमारी बुढ़ापे के कई अन्य लक्षणों के साथ गडमड हो जाती है। डिमेंशिया अल्जीमर्स के साथ भी मिक्स अप हो सकती है। इसे ज्यादा बूढ़े लोगों में तो साधारण बात मानकर इलाज तक नहीं करवाया जाता है। कंपन हर समय नहीं रहता, खासकर जब काम में व्यस्त हों या सोते समय यह बिल्कुल गायब होता है। मांसपेशियों का लचीलापन वैसे भी बढ़ती उम्र में कम हो ही जाता है। मुख्य कारण आर्थराइटिस होता है जो बुढ़ापे की कॉमन बीमारी है। इसके अलावा निष्क्रिय रहने से भी हाथ पैरों की गतिशीलता कम हो जाती है लेकिन जब पार्किंसंस रोग हो, पूरी शारीरिक मुद्रा पर असर आ जाता है। कमर के साथ गर्दन, कोहनी व घुटनों में मुड़ाव आ जाता है। चलना उठना बैठना भारी लगने लगता है। बमुश्किल दो कदम आगे बढ़ पाते हैं। आगे संतुलन बिगड़ने के कारण गिरने की और चोट खाने की आशंका रहती है। रिफ्लैक्स कम हो जाते हैं। व्यक्ति एक्सीडेंट प्रोन हो जाता है।
इस रोग में सिर्फ दवायें व व्यायाम आदि ही काफी नहीं होता। मुख्य बात है सही वातावरण मिलना जहां व्यक्ति सुख शांति से अपनों के बीच रह सके क्योंकि अशांति, चिंता, अपमान, नकारात्मक बातें रोग को बढ़ाती हैं और उनके चलते रोगी समय से पहले काल के मुंह में चला जाता है। केवल दवाइयों से ही नहीं बल्कि अच्छी आर्ट ऑफ लिविंग से भी डोपामिन बढ़ाया जा सकता है। डोपामिन पार्किंसंस के मरीजों के दिमाग का भीतरी सर्किट सक्रिय कर संकेतों को संबंधित अंगों तक पहुँचाने का कार्य करता है। (स्वास्थ्य दर्पण)उषा जैन ’शीरीं‘