करेले से सभी परिचित हैं। इसका सब्जी के रूप में भी उपयोग होता है लेकिन इसके कड़वे स्वाद के कारण कई लोग इसकी सब्जी पसंद नहीं करते। कड़वा लगने वाले करेले में औषधीय गुण भी बहुत हैं। करेले को लेकर एक लोकोक्ति प्रचलित है -एक तो करेला, दूजा नीम चढ़ा। करेला कड़वा होता है तथा उसकी बेल नीम के पेड़ पर चढ़ी हो तो उसका कड़वापन और बढ़ जाता है। कड़वापन बढ़ने से करेले में विकृति नहीं आती बल्कि उसका गुण और बढ़ जाता है।
कोशातकी कुल का करेला सब्जी ही नहीं, दिव्य औषधि भी है। इसका सेवन करके अनेकों रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है। इसे हिन्दी में करेला, संस्कृत में कारबेल्लक, अंग्रेजी में बिटरगोर्ड कहा जाता है। इसके दो प्रकार होते हैं-बड़ा करेला तथा छोटा करेला या करेली।
करेले के 100 ग्रा. में प्रोटीन 1. ग्राम, वसा 0.2 ग्राम, कैल्शियम 20 मि. ग्रा., कार्बोहाइड्रेट 4.2 ग्राम, आयरन 1.8 मि. ग्रा., फास्फोरस, 70 मि. ग्राम, कैरोटीन 126 मिग्रा. विटामिन सी 88 मि. ग्रा. तथा जल 12.4 ग्राम आदि पोषक तत्व होते हैं।
करेले के फल और पत्ते का औषधि के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। नीचे करेले के कुछ औषधीय उपयोग दिए जा रहे हैं:-
करेले का रस त्रिदोष नाशक होता है इसलिए छोटी माता (स्मॉल पॉक्स) बड़ी माता (चिकिन पॉक्स) तथा खसरा आदि रोगों से बचाव के लिए करेले का उबालकर सेवन किया जाता है।
करेले में आयरन भरपूर होने से यह रक्ताल्पता को दूर करता है।
करेले का रस पीने से पेट के कीड़े मरकर बाहर निकल आते हैं।
इसके सेवन से अम्लपित्त में लाभ मिलता है। छाती की जलन और खट्टी डकार आने की शिकायत दूर होती है, पाचन शक्ति बढ़ती है।
करेले को पीसकर लेप बना आक्रांत स्थान पर लेप करने से अर्श, कुष्ठ रोग व अन्य चर्मरोग दूर होते हैं।
करेले का ताजा रस पीने से फोड़े फुंसी घाव व रक्तविकार में लाभ मिलता है। इन रोगों में करेले के पत्ते का लेप भी करना चाहिए।
करेले की सब्जी बिना कड़वाहट दूर किए बनाकर दिन में तीन बार सेवन करने से आमवात, जोड़ों का दर्द, वातरक्त व गठिया आदि रोग दूर होते हैं।
करेले का लेप बनकर तलवों पर लेप करने से तलवों की जलन मिटती है।
करेले के रस का सेवन करने से मासिक धर्म के समय होने वाले भयंकर दर्द से छुटकारा मिलता है।
करेले के पत्ते का रस लगातार सेवन करने से यकृत वृद्धि, प्लीहा वृद्धि और मलेरिया बुखार दूर होते हैं।
इसके सेवन से मोटापा भी कम होता है।
इसके सेवन से मधुमेह में लाभ मिलता है। बिना कड़वाहट दूर किए करेले की सब्जी तथा पत्तों का रस गर्मियों में लगातार पीने से रक्त की शर्करा कम होती है।
गर्मियों में करेला सेवन करने से त्वचा साफ होती है, फोड़े फुंसी नहीं होते हैं, भूख लगती है तथा मूत्रमार्ग को साफ रखता है। (स्वास्थ्य दर्पण)राजा तालुकदार