मुंहासे Ai Generated Image
संजीवनी

मुंहासों से छुटकारा पाने के आसान उपाय : जानें कैसे रखें त्वचा स्वस्थ और चमकदार

Om Prakash Mishra

मुंहासे आमतौर पर युवावस्था की शारीरिक समस्याओं में से एक होती है। मुंहासे युवावस्था में सबसे अधिक होते हैं। इससे छुटकारा पाने के लिए युवक- युवतियां अक्सर इतने तनावग्रस्त रहते हैं कि मर्ज समाप्त होने के बजाए बढ़ना शुरू हो जाता है। देखा जाए तो यह एक तात्कालिक अथवा अस्थायी किस्म की समस्या है। मुंहासे चेहरे की सुंदरता को कांतिहीन बना देते हैं। मुंहासों की समस्या कुछ समय बाद स्वयं समाप्त हो जाती है परंतु इसके लिए आपको उनके कारणों को जान कर अपनी दिनचर्या में सुधार लाना होगा। अगर आप मुंहासों की समस्या से ग्रस्त हैं तो आपको पहले यह जान लेना आवश्यक है कि ये होते क्यों हैं।

आमतौर पर दिनचर्या में लापरवाही, खानपान और अनियमितता मुंहासों का प्रमुख कारण हैं। शरीर की अतिरिक्त गर्मी, तीव्र रसायन वाले प्रसाधन, मानसिक तनाव,तथा हार्मोन संबंधी गड़बड़ी की वजह से ही मुंहासे उत्पन्न होते हैं जो चेहरे की सुंदरता को कुरूप बना देते हैं। अगर आपको कब्ज की शिकायत है और आप गरिष्ठ भोजन का सेवन करते हैं तो यह रोग आपको शीघ्र अपने आगोश में ले लेता है। इसके पश्चात यह आपके शरीर के पूरे रक्त को खराब कर देता है।

बचने के कुछ उपाय

  • सबसे पहले आपको अपने दैनिक जीवन में परिवर्तन लाना होगा ताकि आप शारीरिक दोषों से दूर रह सकें। रात का भोजन सोने से तीन घंटे पूर्व अवश्य कर लें। भोजन हल्का एवं संतुलित होना चाहिए। नाश्ते में अंकुरित अनाज एवं दोपहर के भोजन में मिर्च-मसाले वाली चीजें ही लें। सलाद तथा मौसमी फल विशेष रूप से लाभदायक होते हैं।

  • कब्ज से बचाव के लिए प्रातःकाल उठ कर एक या दो गिलास ठंडा पानी पीना चाहिए।

  • नियमित भ्रमण भी आवश्यक है। इन उपायों को आजमाने से आपको कभी मुंहासे नहीं होंगे किंतु जो लोग पहले से ही मुंहासों से पीड़ित हैं, उनको भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नीचे दिए गए उपायों से आप अपनी समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

  • गुलाब जल में नींबू का रस मिला कर चेहरे पर लगाने से मुंहासों से निजात मिलती है और चेहरे पर दाग-धब्बे भी नहीं रहते हैं।

  • संतरे के पेड़ की ताजा छाल पीस कर मुंहासों पर लेप करने से यह ठीक हो जाते हैं।

  • जायफल को घिस कर चेहरे पर लगाने से मुंहासे दूर होते हैं।

  • गाजर, टमाटर, संतरे तथा चुकंदर का रस एक-एक चम्मच ले कर सुबह पीने से मुंहासे समाप्त हो जाते हैं और चेहरे पर रौनक आ जाती है।

(स्वास्थ्य दर्पण)नरेंद्र देवांगन

SCROLL FOR NEXT