काले, घने बालें के लिए घरेलू नुस्खे AI Generated Image
संजीवनी

घने, काले और चमकदार बालों के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे

Om Prakash Mishra

काले घने लम्बे सुन्दर केश नारी के सौन्दर्य में चार चांद लगा देते हैं। प्रत्येक नारी की प्रबल इच्छा होती है कि उसके बाल काले, लम्बे, घने, मुलायम, और चमकदार बने रहें। इस इच्छा की पूर्ति के लिये बालों की यथोचित देखभाल करना अत्यंत आवश्यक है।

आंवला हमारे बालों के लिये सबसे उत्तम औषधि और टानिक है। सूखे आंवले बाजार में पंसारी तथा अचारों की दुकानों पर सस्ते मूल्य पर मिल जाते हैं। आंवलों को मोटा कूट छान लीजिए। रात भर के लिये चूर्ण को लोहे के बर्तन में भिगो दीजिये। सुबह नहाने से पहले अपने बालों में लगा लें, थोड़ी देर लगा रहने दें। कुछ समय बाद बालों को ताजे पानी से धो दीजिये। इस प्रक्रिया को करने से बाल जल्दी सफेद नहीं होते तथा उनकी चमक बढ़ जाती है।

बालों की उचित सफाई न करने पर धूल मिट्टी जम जाती है तथा सिर में रूसी जम जाती है। सप्ताह में कम से कम दो बार बालों की सफाई करना परम आवश्यक है। यदि सिर में रूसी हो ही जाय तो रात में बालों की जड़ों में कोकोनट आयल या जैतून का तेल लगा कर बाल खुले छोड़ दीजिये। सुबह सिर में नींबू का रस लगायें तथा नहाते समय बालों को शैम्पू कर लीजिये।

  • सिर में खुश्की दूर करने के लिये रात में तेल में नींबू का रस मिलाकर लगायें। सुबह नहाते समय बालों को रीठे के पानी व गरम पानी से धो लें। सिर की फियास और खुश्की दूर हो जायेगी तथा बाल रेशम के समान मुलायम हो जायेंगे।

  • बालों के लिये दही सबसे उत्तम शैम्पू है। दही में भी वे सभी तत्व प्रचुर मात्रा में होते हैं जिनकी आवश्यकता बालों को स्वस्थ, सुन्दर तथा चमकदार बनाये रखने के लिये होती है।

  • बाल अधिक मात्रा में टूटते हैं या झड़ते हैं, तो बालों की सिंकाई भाप द्वारा करनी चाहिए। सिर में जैतून के तेल की मालिश करें। बड़ी रोएंदार तौलिया को गर्म पानी में भिगोकर निचोड़ लें तथा बालों पर 20 मिनट के लिये बांध कर छोड़ दें। इस क्रिया से बालों का झड़ना तथा टूटना बंद हो जाता है।

  • अपने केशों को बीमारी से दूर रखने के लिये कथित नहाने के साबुनों का कम से कम प्रयोग करना चाहिए।

  • नहाने से पूर्व सरसों के तेल में नींबू का रस मिलाकर बालों में लगायें तथा पांच दस मिनट तक हल्के हाथों से वालों में हल्की मालिश करें। इस प्रक्रिया से बालों की जड़ों में रक्त का प्रवाह सुचारू रूप से होगा तथा बालों की जड़ें पुष्ट होंगी तथा स्वतः ही बालों का झड़ना बंद हो जायेगा।

  • बालों को धोने के लिये सबसे सस्ती तथा लाभदायक वस्तु मुलतानी मिट्टी है। नहाने से पन्द्रह मिनट पूर्व पानी या दही में इस मिट्टी को भिगोकर मसल लें। इस घोल से बाल धोना बहुत हितकर है। बाल स्वस्थ, मुलायम, चिकने तथा काले बने रहेंगे। गीले बालों को कदापि न बांधें। बालों को सुखाकर गूंथें नहीं तो जड़ें कमजोर हो जायेंगी।

  • चिंतित रहने से भी बालों पर दुष्प्रभाव पड़ता है। अधिक चिन्ता, अधिक क्रोध तथा तनाव से बाल झड़ने लगते हैं तथा सफेद होने लगते हैं। भोजन में प्रोटीन, विटामिन्स, लोहा, कैल्शियम तथा अन्य खनिज तत्वों की कमी से भी बाल झड़ने लगते हैं। बालों को स्वस्थ रखने के लिये हरी सब्जी, दूध, नींबू, फल तथा विटामिन सी तथा कैल्शियम युक्त आहार लेना चाहिए। (स्वास्थ्य दर्पण)तारा देवी

SCROLL FOR NEXT