अच्छी सेहत पौष्टिक आहार लेने से और नियमित व्यायाम करने से मेंटेन की जा सकती है। हम सब स्वस्थ तो रहना चाहते हैं पर उसके लिए प्रयास नहीं करते। दोष देते हैं समय की कमी पर और फास्ट फूड पर। अगर हम अपनी सेहत ठीक रखना चाहते हैं तो हमारे रसोईघर में बहुत सी चीजें हैं जिन्हें नियमित खाकर हम फिट रह सकते हैं।
अखरोट का सेवन करें :-
अपने दिल को स्वस्थ और मजबूत रखना चाहते हैं तो नियमित अखरोट का सेवन करें। इससे आपकी त्वचा भी जवां बनी रहेगी और सेहत भी अच्छी बनी रहेगी।
लें ग्रीन टी:-
वैसे तो चाय का सेवन सेहत के लिए ठीक नहीं पर अगर आप ग्रीन टी नियमित लेते हैं तो स्ट्रेस भी आपसे दूर भागेंगी। ग्रीन टी में ऐसे कंपाउंडस होते हैं जो ब्लड शुगर की सहायता से एनर्जी देने वाले हार्मोन बनाने में मदद करती है, इसलिए जब भी स्ट्रेस हो या थकान, ग्रीन टी का प्याला बनाएं और शांत मन से पीएं। इससे आपको एनर्जी भी मिलेगी और फिट भी रहेंगे।
सब्जियों के सेवन से बढ़ाएं रोग प्रतिरोधक क्षमता:-
विशेषज्ञों के अनुसार अपनी इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सब्जियों का सेवन एक अच्छा ऑप्शन है। सब्जियां जल्दी पचती हैं और हमारे हाजमे को दुरुस्त रखती हैं। सब्जियां हमारे शरीर में बीमारियों से लड़ने की ताकत भी बढ़ाती हैं।
अपने भोजन में नियमित सेवन करें हल्दी का:-
मसाले के तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली हल्दी हमारी याददाश्त को 30 प्रतिशत तक बेहतर बनाने में मदद करती है। हल्दी में एक इंग्रीडिंएट होता है कुरकुमीन जो बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट होता है और दिमाग के लिए बेहतर होता है। हल्दी को एंटीसेप्टिक माना जाता है। नजला-जुकाम, खांसी होने पर गर्म दूध में बहुत थोड़ी मात्रा में हल्दी डालकर पीने से लाभ मिलता है। सर्दियों में ठीक ठाक होने पर भी सप्ताह में दो बार हल्दी डला गर्म दूध लें। सर्दियों में खांसी जुकाम तंग नहीं करेगा।
शहद का करें सेवन:-
शहद में भी प्राकृतिक रूप से एंटीबायोटिक पाया जाता है। नियमित शहद का सेवन करने वाले अधिक तंदुरुस्त और जवां बने रहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार जो लोग नियमित शहद लेते हैं उनसे कई बीमारियां तो दूर रहती हैं। इसके अतिरिक्त साइनस और जुकाम से जुड़ी बीमारियों को दूर रखने में भी मदद मिलती है।
सुकून भरी नींद लें:-
वैसे तो अच्छी नींद रसोई से प्रत्यक्ष रूप से नहीं जुड़ी है पर अप्रत्यक्ष रूप से इसका प्रभाव अच्छी नींद पर पड़ता है। अगर हम सुपाच्य और पौष्टिक आहार लेंगे तो इसका प्रभाव हमारी नींद पर भी पड़ेगा और नींद अच्छी आएगी तो हम अधिक फिट, एनर्जेटिक और खुश रहेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार अधिक थकान होने पर,जोड़ों में दर्द होने पर, सिरदर्द होने पर सबसे अच्छा ऑप्शन है आराम करना। आराम करने से हमारे शरीर के डैमेज टिश्यूज की मरम्मत होती है और पुनः हमारा शरीर चुस्त दुरुस्त होता है। इन सब के साथ शारीरिक व्यायाम करना भी अति आवश्यक है ताकि जो हम खाएं उसे पचा सकें और शारीरिक विकास के साथ मानसिक रूप से भी शांत रह सकें । (स्वास्थ्य दर्पण)