मधुर, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जन्म से पूरी तरह बहरी 15 महीने की एक बच्ची की कोलकाता में सफल सर्जरी की गई। बच्ची को लेकर उसके माता-पिता कुवैत से कोलकाता पहुंचे थे। अपोलो अस्पताल में डॉक्टर शांतनु पांजा के नेतृत्व में दोनों कानों में ‘पेडियाट्रिक बाइलेटरल नेक्सा स्मार्ट इम्प्लांट’ लगाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सर्जरी के बाद बच्ची को बिना किसी जटिलता के छुट्टी दे दी गई।
दोनों कानों में लगाया गया स्मार्ट इम्प्लांट
डॉक्टटरों के अनुसार इस ऑपरेशन में हाल ही में शुरू किए गए ‘कॉक्लियर न्यूक्लियस नेक्सा सिस्टम’ का इस्तेमाल किया गया। सूत्रों के अनुसार यह दुनिया का पहला ‘स्मार्ट कॉक्लियर इम्प्लांट’ है। इसमें इंटरनल मेमोरी और अपडेट किए जा सकने वाला फर्मवेयर मौजूद है। डॉक्टरों का कहना है कि इस तकनीक की खासियत यह है कि बच्ची के बड़े होने के साथ इम्प्लांट उसके अनुसार खुद को अनुकूलित कर सकेगा। इतनी कम उम्र में सर्जरी को चुनौतीपूर्ण बताते हुए डॉक्टर शांतनु पांजा ने कहा कि तकनीकी सटीकता के साथ बच्चे की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना जरूरी था। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरी सावधानी से ऑपरेशन किया गया।
अब ‘स्विच-ऑन’ का इंतजार
सर्जरी सफल होने के बाद अब बच्ची और उसके परिवार को उस खास दिन का इंतजार है, जब इम्प्लांट को ‘स्विच-ऑन’ किया जाएगा। डॉक्टरों के अनुसार, यही वह महत्वपूर्ण क्षण होगा जब बच्ची पहली बार आवाज सुन सकेगी।