‘एक ओंकार’ का ध्येय वाक्य देने वाले नानक ने कहा था कि ईश्वर एक है, उसकी बनाई दुनिया एक है और मनुष्य की सबसे बड़ी पहचान उसका इंसान होना है।
जब दुनिया धर्म, जाति, भाषा और संप्रदाय की दीवारों में बंटकर एक-दूसरे को पहचानने से इंकार करने लगे, धर्म के नाम पर श्रेष्ठता का अहंकार और आस्था के नाम पर वैमनस्य फैलने लगे, तब पांच सौ से अधिक वर्ष पहले एक ऐसी आवाज़ उठी थी जिसने इंसान को उसकी असली पहचान याद दिलाई थी। यह आवाज़ थी गुरु नानक देव जी की।
‘एक ओंकार’ का ध्येय वाक्य देने वाले नानक ने कहा था कि ईश्वर एक है, उसकी बनाई दुनिया एक है और मनुष्य की सबसे बड़ी पहचान उसका इंसान होना है। आज गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाते हुए उनके इसी संदेश को समझने और जीवन में उतारने की जरूरत है।
1469 में कार्तिक पूर्णिमा के दिन तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में पिता मेहता कालू और माता तृप्ता देवी था के घर नानक देव जी का जन्म हुआ, उनकी बड़ी बहन बीबी नानकी ने बचपन से ही उनकी असाधारण प्रतिभा और आध्यात्मिक चेतना को पहचान लिया था। बाल्यकाल उनका मन कर्मकांडों से अधिक जीवन के सत्य, प्रकृति और मनुष्य के दुख-दर्द को समझने में लगता था।
किशोरावस्था में जब उन्हें जनेऊ धारण कराने की रस्म की जा रही थी तो उन्होंने ऐसा धागा पहनने से इनकार कर दिया जो शरीर पर तो दिखाई दे लेकिन मनुष्य के आचरण में पवित्रता न ला सके। उन्होंने ऐसे जनेऊ की कल्पना की जो दया की कपास, संतोष के सूत, संयम की गांठ और सत्य की ऐंठन से बना हो। यह प्रसंग बताता है कि गुरु नानक बाहरी प्रतीकों से अधिक आंतरिक शुचिता को महत्व देते थे।
एक अन्य चर्चित प्रसंग सुल्तानपुर लोधी का है। वहां वे नवाब दौलत खां की सेवा में अनाज के भंडार का काम देखते थे। कहा जाता है कि एक दिन अनाज तौलते हुए वे तेरह की गिनती पर पहुंचे तो 'तेरा-तेरा' कहते हुए आध्यात्मिक भाव में डूब गए। तेरा का अर्थ केवल संख्या नहीं, बल्कि सब कुछ परमात्मा का है—यह भाव उनके जीवन दर्शन का आधार बन गया। उन्होंने अपनी संपत्ति, अहंकार और स्वार्थ को मनुष्य की सबसे बड़ी बाधाओं में माना।
उन्होंने भारत के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा तिब्बत, अरब और मध्य एशिया तक की ‘उदासियां’ यात्राएं कीं। इन यात्राओं का उद्देश्य मनुष्य को मनुष्य से जोड़ना और समाज में व्याप्त रूढ़ियों, पाखंडों तथा भेदभाव को चुनौती देना था। उनके साथी भाई मरदाना रबाब बजाते और गुरु नानक अपनी वाणी के माध्यम से लोगों तक जीवन का संदेश पहुंचाते।
गुरु नानक से जुड़ा भाई लालो और मलिक भागो का प्रसंग उनकी सामाजिक दृष्टि को समझने के लिए विशेष महत्वपूर्ण है। एक ओर गरीब बढ़ई भाई लालो था, जो मेहनत और ईमानदारी से कमाकर भोजन करता था, दूसरी ओर धनी मलिक भागो था, जिसके यहां वैभवशाली भोज का आयोजन था। गुरु नानक ने लालो के घर भोजन करना पसंद किया। लोकप्रचलित प्रसंग के अनुसार उन्होंने लालो की सूखी रोटी में मेहनत की कमाई का अमृत और मलिक भागो के पकवानों में शोषण की कमाई का प्रतीक देखा। उनका संदेश साफ था-ईमानदारी की सूखी रोटी बेईमानी के छप्पन भोग से कहीं श्रेष्ठ है।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का सार तीन सूत्रों में समाहित है-नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका कमाओ और अपनी कमाई तथा संसाधनों को दूसरों के साथ बांटो।
उस समय जब समाज में महिलाओं को दोयम दर्जे पर रखा जाता था, उन्होंने सवाल उठाया कि जिस स्त्री से राजा-महाराजा और सामान्य मनुष्य जन्म लेते हैं, उसे छोटा कैसे माना जा सकता है?
उन्होंने 'एक ओंकार' के माध्यम से एक परम सत्ता का संदेश दिया। उनके लिए ईश्वर किसी एक धर्म, जाति या स्थान तक सीमित नहीं था। उनकी दृष्टि में न कोई हिंदू था, न मुसलमान के रूप में कोई पराया; सब उसी परमात्मा की संतान थे। उन्होंने स्त्री और पुरुष की समानता पर भी जोर दिया। उस समय जब समाज में महिलाओं को दोयम दर्जे पर रखा जाता था, उन्होंने सवाल उठाया कि जिस स्त्री से राजा-महाराजा और सामान्य मनुष्य जन्म लेते हैं, उसे छोटा कैसे माना जा सकता है? जातिगत ऊंच-नीच, छुआछूत और धार्मिक आडंबरों का विरोध उनकी वाणी और व्यवहार दोनों में दिखाई देता है।
प्रकाश पर्व गुरु नानक के जन्मोत्सव से कहीं बढ़कर उनके विचारों के प्रकाश को जीवित रखने का अवसर है।
गुरु नानक ने करतारपुर में 1539 में अंगद देव जी को अपना उत्तराधिकारी बनाकर संसार से विदा ली। गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित उनकी वाणी आज भी करोड़ों लोगों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन का स्रोत है। प्रकाश पर्व गुरु नानक के जन्मोत्सव से कहीं बढ़कर उनके विचारों के प्रकाश को जीवित रखने का अवसर है। गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन, प्रभात फेरियां, नगर कीर्तन और लंगर के आयोजन इसी भावना को अभिव्यक्त करते हैं। लंगर की परंपरा विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जहां अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-धर्म का भेद भुलाकर सभी एक पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं। यह केवल भोजन कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि समानता का जीवंत पाठ है।
गुरु नानक का जीवन याद दिलाता है कि पूजा-पाठ का महत्व तभी है जब हमारे व्यवहार में दया, करुणा और सत्य दिखाई दें। भूखे को भोजन, जरूरतमंद को सहारा, कमजोर को सम्मान और असहमत व्यक्ति को भी सुनने का धैर्य देना ही सच्ची धार्मिकता है।
आज के दौर में गुरु नानक की शिक्षाओं की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। आज आर्थिक भ्रष्टाचार और बेईमानी सामान्य व्यवहार का हिस्सा बनते जा रहे हैं, धार्मिक पहचान के आधार पर अविश्वास बढ़ रहा है और नफ़रत का कारोबार फल-फूल रहा है। ऐसे समय में 'किरत करो' हमें ईमानदार श्रम का महत्व बताता है, 'वंड छको' हमें संसाधनों पर केवल अपना अधिकार समझने की प्रवृत्ति से बाहर निकालता है और 'नाम जपो' हमें अपने भीतर झांकने तथा अहंकार से मुक्त होने की प्रेरणा देता है।
गुरु नानक का जीवन याद दिलाता है कि पूजा-पाठ का महत्व तभी है जब हमारे व्यवहार में दया, करुणा और सत्य दिखाई दें। भूखे को भोजन, जरूरतमंद को सहारा, कमजोर को सम्मान और असहमत व्यक्ति को भी सुनने का धैर्य देना ही सच्ची धार्मिकता है।
उनकी शिक्षाओं को अपनाने का अर्थ है बेहतर मनुष्य बनना। यदि राजनीति में ईमानदारी, कारोबार में नैतिकता, समाज में समानता, परिवार में परस्पर सम्मान और सार्वजनिक जीवन में सेवा का भाव आ जाए तो अनेक समस्याएं अपने आप कम हो सकती हैं।
प्रकाश पर्व का बड़ा संदेश है कि अंधेरा केवल दीप जलाने से नहीं, विचार बदलने से दूर होता है। उनके जन्मदिन पर गुरुद्वारों में रोशनी करना और लंगर में सेवा करना अच्छी परंपरा है, लेकिन उससे भी बड़ी बात है अपने मन से भेदभाव, लालच, अहंकार और नफरत का अंधकार मिटाना। (युवराज)डॉ. घनश्याम बादल