कर्म AI Generated Imahge
धर्म/राशिफल

जीवन की सच्चाई : कर्म ही साथ जाते हैं, बाकी सब यहीं रह जाता है

अध्यात्म

Om Prakash Mishra

खाली हाथ

इस संसार में मुट्ठी बाँधे मनुष्य केवल खाली हाथ आता है। न वह धन-दौलत अपने साथ लेकर आता है और न ही ऐश्वर्य का साजो-सामान। उसे बन्धु-बान्धव भी इसी दुनिया में अपने पूर्वजन्म कृत कर्मों के अनुसार ही मिलते हैं। सारा जीवन वह उन सबको साथ लेकर चलने का यत्न करता रहता है। सबको प्रसन्न रखने का प्रयास करता है परन्तु चाहकर भी वह अपने इस उद्देश्य में पूर्णतः सफल नहीं हो पाता।

अथक परिश्रम

जीवनभर मनुष्य दिन-रात एक करके अथक परिश्रम करता है तब जाकर वह प्रभूत धन कमा पाता है। तिनका-तिनका जोड़कर वह अपने लिए घर बनाता है, अपनी गृहस्थी बसाता है। अपने कमाए हुए धन से वह संसार में विद्यमान सभी सुविधाओं को जुटाता है जिससे उसका और उसके परिवार का जीवन निर्वाह सुविधापूर्वक हो सके। वह चाहता है कि उसके बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण करके योग्य बन जाएँ और उच्च पद पर आसीन होकर उसका समाज में मान बढ़ाएँ। जब उसका यह सपना साकार हो जाता है तब उसके वे उच्च पदासीन बच्चे उसे छोड़कर कहीं अन्यत्र अपना बसेरा बना लेते हैं। वह उनकी याद में पलक पाँवड़े बिछाए प्रतीक्षारत रहता है।

खट्टे-मीठे अनुभव

अपने बन्धु-बान्धवों के साथ उसे खट्टे-मीठे अनुभव होते रहते हैं। उसका सारा जीवन उनके साथ सामंजस्य बिठाते हुए बीत जाता है। कभी कोई नाराज हो जाता है तो कभी कोई। मित्रों के दुर्व्यवहार पर उन्हें किनारे कर देना, उनसे मुँह मोड़ लेना अपेक्षाकृत आसान होता है परन्तु अपने संबंधियों से सदा के लिए दूरी बना सकना आसान नहीं होता। न चाहते हुए भी लोकलाज के कारण उन्हें त्यागा नहीं जा सकता। अपनी नौकरी या व्यवसाय करते समय भी वह सारा जीवन मानो शतरंज की बिसात ही बिछाए बैठा रहता है। जोड़तोड़ करते हुए ही उसका जीवन व्यतीत हो जाता है। अपने जीवन का अधिकांश समय जहाँ वह बिताता है, सहयोगियों के साथ अपने सुख-दुःख साझा करता है, वहाँ से एक निश्चित अवधि के पश्चात यानी रिटायरमेंट के बाद उसे वहाँ से बेगाना बना दिया जाता है। तब वह सोचता है कि अब मेरे पास पैसा है तो आराम से जी लूँगा।

सब व्यर्थ हो जाता है

इस समय उसका शरीर अशक्त होने लगता है तो वह स्वयं को असहाय समझने लगता है। अपनी दैनंदिन आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी उसे किसी-न-किसी के सहारे की जरूरत होने लगती है। वह इसी बात के लिए परेशान होता रहता है कि अब वह असमर्थ होने लगा है और इस धरती पर बोझ बनने लगा है। ईश्वर से बार-बार प्रार्थना करने लगता है कि वह जीना नहीं चाहता, उसे वह अब अपने पास बुला लें। जीवन की भागमभाग से निवृत्त होकर जब इन्सान सोचता है कि अब वह शान्ति से रहेगा। अपनी सारी जिम्मेदारियों से वह मुक्त हो गया है और अब जीवन अपनी शर्तों पर जीएगा तो तभी वह मालिक घंटी बजा देता है। वह कहता है कि बेटा सब कामों से निपट गया है तो अब आ फिर। उसे कुछ पल अपनी इच्छा से जीने की मोहलत भी नहीं देता। जो धन-वैभव उसने सारा जीवन लगाकर जुटाया होता है, वह उसका भोग भी नहीं कर पाता। उसके लिए सब व्यर्थ हो जाता है।

न चाहते हुए भी

मनुष्य न चाहते हुए भी अनिच्छा से कलपता हुआ परलोक की यात्रा के लिए चल पड़ता है। इसका कारण सुन्दर सृष्टि को छोड़कर वह नहीं जाना चाहता। जिस प्रकार वह खाली हाथ इस संसार में जन्म लेकर आता है, उसी प्रकार अपने खुले हाथों से इस दुनिया से विदा लेता है मानो वह यह दिखाना चाहता हो कि मेरा जुटाया हुआ सारा वैभव इसी धरा पर रह गया है और मैं सब यहीं छोड़कर जा रहा हूँ। मेरे साथ यदि कुछ है तो मेरे सत्कर्म अथवा दुष्कर्म हैं जिनका भोग मुझे अगले जन्म में करना है। (उर्वशी)चन्द्र प्रभा सूद

SCROLL FOR NEXT