सांकेतिक तस्वीर 
राजस्थान

बहन को बचाने के प्रयास में तीन भाई डूबे

राजस्थान के बीकानेर में पानी की डिग्गी में चार की डूबने से मौत

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों और उनके एक चचेरे भाई की मौत हो गई।

यह दुखद घटना जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आवा गांव में घटित हुई। एक ही परिवार के चार युवाओं की असमय मौत से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक विजयपाल यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवा गांव के चक नौ एडब्ल्यूएम स्थित एक खेत में पानी के भंडारण के लिए पक्की आयताकार डिग्गी बनी हुई है।

मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे रमेश कुमार नायक की 14 वर्षीय पुत्री पूजा इस डिग्गी से पानी लेने के लिए गई थी। पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी।

पूजा को पानी में डूबता देख पास ही मौजूद उसके दोनों सगे भाई, 18 वर्षीय मुकेश और 16 वर्षीय मनोज, उसे बचाने के लिए बिना समय गंवाए डिग्गी में उतर गए। डिग्गी में पानी गहरा होने और फिसलन के कारण दोनों भाई भी खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे।

भाई और बहनों को संकट में देख उनका 21 वर्षीय चचेरा भाई निर्मल नायक भी उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गया। दुर्भाग्यवश, चारों में से कोई भी बाहर नहीं निकल सका और गहरे पानी में डूबने से सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल पुलिस दल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक मोहन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रामचरण मीणा और पुलिसकर्मी मंगल सिंह भी मौजूद थे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चारों शवों को डिग्गी से बाहर निकलवाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT