अपनी ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के दौरान CJP टीम पर हमला  
राजस्थान

जयपुर में CJP टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ा

दीपके ने BJP कार्यकर्ताओं पर लगाया हमले का आरोप

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान के एक गांव में उस समय झड़प हो गई जब ग्रामीणों ने कथित तौर पर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बैरिकेड लगा दिए और सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की टीम को मौके से खदेड़ दिया।

जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में हुई इस घटना को कॉजपा ने अपनी ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के दौरान टीम पर हमला बताया है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया और राजस्थान पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।

रांका ने आरोप लगाया कि कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और महिला समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

CJP के अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा के ‘गुंडे’ आशुतोष (रांका) एवं कॉजपा के अन्य स्वयंसेवकों के पीछे पड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले की अनुमति कैसे दे सकती है।

हालांकि, बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। घटना के वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ तीखी बहस करते, उनलोगों को गांव में प्रवेश करने से रोकते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में कारों की टूटी हुई खिड़कियां भी नजर आईं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे कॉजपा टीम की थीं।

रांका ने कहा, आज सारी हदें पार हो गईं। पिछले कई वर्षों से रामपुरा कंवरपुरा का स्कूल एक भैंस के बाड़े में चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के लिए पहुंचने पर टीम पर खुलेआम हमला किया गया और पथराव भी किया गया तथा कारों की खिड़कियां तोड़ दी गईं। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों के कपड़े फाड़े गए और स्वयं उनके कपड़े भी फाड़े गए।

स्कूल भवन को ‘असुरक्षित’ घोषित किए जाने के बाद छात्रों के लिए बंद कर दिया गया है और पास के एक पशु बाड़े में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि सरकार ने मरम्मत कार्य के लिए पहले ही धनराशि मंजूर कर दी है और स्थानीय स्तर पर प्रयास करके मरम्मत कराई जा सकती है।

रांका ने आरोप लगाया कि CJP टीम पर हमला राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर किया गया। उन्होंने कहा, मदन दिलावर को बच्चों का भैंस के बाड़े में पढ़ना स्वीकार्य है, लेकिन स्कूल की मरम्मत करना स्वीकार्य नहीं है। सूत्रों ने बताया कि CJP टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क पर बैरिकेड लगा दिए थे और इलाके में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच करते देखे गए। बाद में ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर धरना दिया और कॉजपा के खिलाफ नारे लगाए।

CJP की ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम का उद्देश्य, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में, सरकारी स्कूलों के भवनों की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, अन्य सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और जमीनी स्थिति का आकलन करना है। रांका ने आरोप लगाया, श्री दिलावर आज आपने गुंडों को भेजकर देश की नजरों में पूरे राजस्थान को शर्मसार किया है। लेकिन हम ऐसी गुंडागर्दी से डरने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने कहा, आज पूरे देश ने BJP की गुंडागर्दी को प्रत्यक्ष देखा है। राजस्थान में लोकतंत्र के लिए यह काला दिन है।

रांका ने कहा कि उनकी मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है और इस दौरान सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगी पाबंदी का आदेश वापस लेने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शिक्षा के मुद्दे से आगे बढ़कर मदन दिलावर के खिलाफ भी किया जाएगा। CJP की टीम अपनी चल रही ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के तहत सरकारी स्कूलों की स्थिति का निरीक्षण करने तथा छात्रों और शिक्षकों से बातचीत करने गांव पहुंची थी।

SCROLL FOR NEXT