जयपुर : एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश और आंधी की गतिविधियां इस सप्ताह जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र जयपुर के एक प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ भागों में गरज के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह जारी रहने की प्रबल संभावना है। 3-4 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार पुनः बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
इस दौरान कहीं-कहीं कहीं 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने व बारिश होने का अनुमान है। आंधी बारिश के प्रभाव से इस सप्ताह राज्य के ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने व 'हीटवेव' से राहत मिलने की पूरी संभावना है।
मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटे में राज्य में अनेक जगह हल्की से भारी बारिश हुई। सर्वाधिक 72.0 मिलीमीटर बारिश मालपुरा (टोंक) में हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में रहा।
बता दें कि गत शनिवार को एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान भर में व्यापक धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, नागौर, डिडवाना-कुचामन, अलवर और सीकर में 102 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली।
अजमेर और जोधपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि जयपुर के ग्रामीण इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम में अचानक आए बदलाव से कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट चालू करनी पड़ी और यातायात धीमा हो गया।
तूफान हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर गंगानगर के ऊपर उत्पन्न हुआ, जहां शुरुआत में लगभग 56 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली, जो बाद में और तेज हो गई। तेज हवाओं से पेड़ उखड़ गए और कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।