सांकेतिक तस्वीर 
राजस्थान

राजस्थान में 16 मई से शुरू होगा जनगणना 2027 का पहला चरण

1 मई से 15 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प

जयपुर : राजस्थान में ‘जनगणना 2027’ का पहला चरण 16 मई से शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (HLO) की जाएगी। हालांकि, ‘स्व-गणना’ का विकल्प एक मई से उपलब्ध होगा।

जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक विष्णु चरण मलिक ने शुक्रवार को जानकारी दी कि राजस्थान में पहले चरण का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस चरण के तहत ‘मकान सूचीकरण व मकानों की गणना’ को डिजिटल और सहभागी बनाने के लिए ‘स्व-गणना’ सुविधा शुरू की गई है। यह सुविधा एक मई से 15 मई 2026 तक कंप्यूटर या स्मार्टफोन के माध्यम से उपलब्ध होगी।

मलिक ने कहा कि स्व-गणना का उद्देश्य व्यस्त या स्वेच्छा से जानकारी देने वाले परिवारों को डिजिटल माध्यम से जानकारी भरने का अवसर देना है, हालांकि इसके बाद भी फील्ड स्तर पर प्रगणक द्वारा सत्यापन और डेटा जांच अनिवार्य होगी। राजस्थान में इस चरण के लिए करीब 1.60 लाख पर्यवेक्षक घर-घर जाकर डेटा संग्रहण करेंगे।

राज्य सरकार ने 29 जनवरी 2026 को पहले चरण में पूछे जाने वाले कुल 33 प्रश्नों की अधिसूचना जारी की है।

उन्होंने कहा कि पहले चरण का उद्देश्य जनसंख्या गणना के लिए एक विश्वसनीय मास्टर फ्रेम तैयार करना है ताकि दूसरा चरण, जनसंख्या गणना (PE), बिना किसी को छोड़कर संपन्न हो सके।

मलिक ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अधिकारियों को सही और पूरी जानकारी दें और प्रगणक के अधिकृत परिचय-पत्र को देखकर ही जानकारी साझा करें।

SCROLL FOR NEXT