मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 
राजस्थान

'BJP सरकार ने अर्थव्यवस्था को स्थिरता के साथ-साथ गति और दिशा दी', बोले CM शर्मा

सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र व बजट की सारी घोषणाओं को पूरा करेगी

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनकल्याण को राज्य सरकार का सर्वोच्च लक्ष्य बताते हुए गुरुवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ सहित तीन कर्तव्यों को लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र व बजट की सारी घोषणाओं को पूरा करेगी।

शर्मा ने कहा कि BJP सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में राज्य की अर्थव्यवस्था को स्थिरता के साथ-साथ गति और दिशा दी है। मुख्यमंत्री, विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया और सदन की कार्यवाही 11 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई।

शर्मा ने कहा, जनकल्याण हम सबका सर्वोच्च लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित तीन कर्तव्य, उत्पादकता व प्रतिस्पर्धा को बढ़ाना, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना, उनमें दक्षता का विकास करना और सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर हम प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, इनका अनुसरण कर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम हमारी सरकार कर रही है। शर्मा ने खेजड़ी पेड़ के संरक्षण के लिए कानून बनाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि खेजड़ी के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने इसे राज्य वृक्ष घोषित किया है और घोषित राज्य वृक्ष को बचाने के लिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, मैं सदन के माध्यम से राजस्थान की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि राज्य के कल्पवृक्ष खेजड़ी को बचाने के लिए कानून लाएंगे ताकि प्रदेश में खेजड़ी संरक्षित रहे।शर्मा ने कहा कि उन्होंने खेजड़ी संरक्षण के लिए कानून बनाने के संबंध में निर्देश दे दिए थे और प्रक्रिया पूरी होते ही हम सदन में इसका मसौदा पेश करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया और केवल दो वर्षों में 20 करोड़ पौधे लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा, हमने लक्ष्य तय किया है कि पांच वर्षों में 50 करोड़ से अधिक पौधे लगाएंगे। शर्मा ने अपने संबोधन में पहली बार दो वर्ष की उपलब्धियों का दस्तावेज सदन के पटल पर रखा।

उन्होंने कहा कि राज्य की BJP सरकार ने दो साल में पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल की तुलना में अधिक काम किए हैं और वह इस मुद्दे पर विपक्ष की बहस की चुनौती को स्वीकार करते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते दो साल में राजस्थान के राजस्व घाटे में लगभग आठ हजार करोड़ रुपये की कमी आई है।

शर्मा ने कहा कि पिछले दो साल के कार्यकाल में रादस्थान 11 जनकल्याणकारी योजनाओं में देश में प्रथम स्थान पर रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौते की रिपोर्ट (DPR) का काम अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रश्न पत्र लीक मामलों में एसआईटी गठित की गयी और 140 प्राथमिकियां दर्ज कर 428 से अधिक अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और अब तक एक लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। एक लाख 55 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन है।

SCROLL FOR NEXT