राजस्थान

राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में कई जगह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।

Badrinath Shaw

जयपुर: राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर का दौर जारी है जहां शुक्रवार रात को दौसा में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में कई जगह शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में कई जगह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर शीतलहर के कारण ‘शीत दिवस’ दर्ज किया गया।

इस दौरान न्यूनतम तापमान दौसा में 3.5 डिग्री, अलवर में 3.6 डिग्री, गंगानगर में 3.9 डिग्री, नागौर में 4.2 डिग्री, फतेहपुर में 4.4 डिग्री, पिलानी व जैसलमेर में 4.5 डिग्री, लूणकरणसर में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में अधिकतर जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतर भाग में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भाग के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में घना कोहरा व ‘शीत दिवस’ की स्थिति बने रहने का अनुमान है। इसी तरह राज्य के उत्तरी भागों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है व शीतलहर चलने का अनुमान है।

SCROLL FOR NEXT