चुनाव 
राजस्थान

राजस्थान : 305 निकायों में महापौर‑सभापति चुनाव 21 सितंबर को

भाजपा‑कांग्रेस सहित अन्य दलों व निर्दलीयों के 989 उम्मीदवार मैदान में

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान के 305 शहरी निकायों में महापौर और सभापति के चुनाव की प्रक्रिया बुधवार को शुरू होने के साथ ही भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के उम्मीदवारों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल किए।

नामांकन सूची के अनुसार, कई शहरी निकायों में एक से अधिक नामांकन दाखिल हुए हैं। कुछ मामलों में एक ही उम्मीदवार के एक से अधिक नामांकन भी दर्ज हैं। सूची में कुल 989 नामांकन शामिल हैं।

इस माह के आरंभ में पार्षदों के चुनाव के बाद नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के प्रमुखों का चुनाव कराया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को 309 में से 305 शहरी निकायों में महापौर और सभापति के चुनाव के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की थी।

हालांकि, जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका में चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। इन चार निकायों में बुधवार को 10 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया। कुछ वार्डों में ईवीएम से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण परिणाम घोषित नहीं हो सके थे।

पुनर्मतदान में पड़े मतों की गणना बृहस्पतिवार को होगी। इन चार निकायों में महापौर/सभापति और उपमहापौर/उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया बाद में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार होगी।

अन्य 305 शहरी निकायों में महापौर और सभापति का चुनाव 21 सितंबर को तथा उपमहापौर, उपसभापति और उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को प्रस्तावित है।

SCROLL FOR NEXT