जयपुर : राजस्थान में पुलिस ने फर्जी IPS अधिकारी बनकर महिला से शादी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अक्षत कोठारी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार था और उसे मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया गया। बांसवाड़ा जिला पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अक्षत ने सोशल मीडिया मंच पर फोटो और गलत जानकारी अपलोड करके खुद को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) का अधिकारी बताया। पुलिस ने कहा कि इसी फर्जी पहचान के आधार पर उसने कथित तौर पर एक महिला से शादी कर ली।
महिला ने बाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया। बांसवाड़ा की साइबर पुलिस टीम आरोपी को इंदौर से पकड़कर लाई और उससे पूछताछ की जा रही है। बांसवाड़ा के साइबर पुलिस थाने के निरीक्षक हरिओम ने कहा कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलता रहता था।
उन्होंने बताया, आरोपी जगह बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। हमने उसे पकड़ने से पहले करीब 24 घंटे तक कड़ी निगरानी रखी। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 19 मामले दर्ज हैं, जिनमें से ज्यादातर धोखाधड़ी के हैं।