झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन 
राजस्थान

राजस्थान : राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर जताया शोक

झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन का दिल्ली में निधन हो गया

जयपुर : राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अनेक नेताओं ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

राज्यपाल बागडे ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए कहा, शिबू सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए 'एक्स' पर लिखा, शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जमीन से जुड़े नेता सोरेन ने पूरा जीवन आदिवासी समाज के कल्याण एवं उनके हितों के लिए समर्पित कर दिया था।

गहलोत ने कहा, झारखंड के मुख्यमंत्री तथा उनके पुत्र हेमंत सोरेन, परिवार के अन्य सदस्यों, उनके सभी शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

SCROLL FOR NEXT