उम्मीदवार मनोज सिंह 
राजस्थान

पार्टी दो, नेता एक-दोनों ने बना दिया उम्मीदवार, आखिर कैसे ?

भरतपुर : राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में एक ओर जहां टिकट के लिए मारामारी मची रही, और अपनी पार्टी से उम्मीदवारी ना मिलने पर नेता बागी बन गए, वहीं एक उम्मीदवार ऐसा भी है जिसे एक नहीं बल्कि दो-दो प्रमुख पार्टियों का टिकट मिल गया । यह अनोखा मामला राजस्थान के भरतपुर के नगर निकाय के चुनाव में सामने आया है । वहां मनोज सिंह नाम के उम्मीदवार को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने ही अपना उम्मीदवार बना दिया । इसके बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है ।

कांग्रेस के पूर्व पार्षद को भाजपा ने दिया टिकट

मनोज सिंह भरतपुर के वार्ड 19 के पुराने स्थानीय कांग्रेसी नेता हैं । वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में पदाधिकारी के रूप में जुड़े रहे हैं । उन्होंने दो बार से कांग्रेस की टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ा और जीता है, लेकिन इस बार उन्हें कांग्रेस ने तो टिकट दिया ही, भाजपा ने भी उन्हें अपना उम्मीदवार बना दिया ।

ऐसा कैसे हो गया ?

इस पूरे मामले को लेकर मनोज सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले कांग्रेस से टिकट के लिए अप्लाई किया था, लेकिन बाद में उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का मन बनाया और इसलिए भाजपा से भी टिकट के लिए अप्लाई किया था, भाजपा ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें उम्मीदवार बनाया है, इसलिए अब वह भाजपा से ही वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस ने की कार्रवाई

इस अजीब परिस्थिति के बाद कांग्रेस पार्टी ने मनोज सिंह के खिलाफ कार्रवाई की है और उनके इस कदम को विश्वासघात बताते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस संबंध में जारी एक पत्र में लिखा है - "भरतपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 19 से कांग्रेस पार्टी की ओर से टिकट आवंटित होने के बाद भाजपा संगठन से उम्मीदवार बनने वाले श्री मनोज सिंह को अनुशासनहीनता एवं कांग्रेस पार्टी के साथ विश्वासघात करने के कारण तुरंत प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।"

SCROLL FOR NEXT