अशोक गहलोत 
राजस्थान

NEET UG 2026 पेपर लीक : गहलोत का आरोप- राजस्थान BJP सरकार ने गड़बड़ी छुपाई

कहा- अब CBI जांच से BJP सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया

जयपुर : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राजस्थान की BJP सरकार ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘NEET UG 2026’ में गड़बड़ी को जानबूझकर छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा इस परीक्षा को रद्द किए जाने के फैसले को साहसिक बताया।

उल्लेखनीय है कि NTA ने मंगलवार को ‘NEET UG 2026’ परीक्षा रद्द करने की घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने इसमें अनियमितताओं की सीबीआई जांच का आदेश दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बयान में कहा, NEET UG प्रवेश परीक्षा का रद्द होना यह दर्शाता है कि इस पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। राजस्थान की BJP सरकार ने जानबूझकर दो सप्ताह तक इसे छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया।

गहलोत के अनुसार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर और CBI को जांच सौंपकर युवाओं के हित में एक साहसिक निर्णय लिया है।

गहलोत ने इस मुद्दे को लेकर राज्य की BJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राजस्थान की BJP सरकार ने पहले कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए ओएमआर शीट घोटाले को छिपाया, ताकि सरकार की बदनामी न हो। कमजोर पैरवी के कारण उस मामले के आरोपियों को जमानत भी मिल गई। इसी प्रकार, अब NEET UG परीक्षा लीक की जानकारी को भी छिपाने का प्रयास किया गया और FIR तक दर्ज नहीं की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, अब सच्चाई सामने आ गई है और BJP सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।

SCROLL FOR NEXT