जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में वाणिज्यिक परिसर में लगी आग 
राजस्थान

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में

तंग गलियों और ज्वलनशील सामग्री के कारण घंटों चला अग्निशमन अभियान

Santosh Sharma

जयपुर : जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित एक वाणिज्यिक परिसर में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई और 20 से ज्यादा दुकानों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।

अधिकारियों के अनुसार, आग ‘सेठी कॉम्प्लेक्स’ की दूसरी मंजिल पर कपड़ों की एक दुकान के बाहर डिब्बे में रखे सामान में लगी। आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों और गोदामों तक फैल गईं, जहां कपड़े, प्लास्टिक का सामान और चूड़ियां आदि रखी हुई थीं।

सूचना मिलने पर माणक चौक थाने की पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। तंग गलियों तथा दुकानों और गोदामों में ज्वलनशील सामग्री रखे होने के कारण अग्निशमन कर्मचारियों को आग बुझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

अग्निशमन अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौके पर जमा हो गए जिससे इस क्षेत्र में यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में धुआं फैलने के कारण सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत भी की। माणक चौक थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

अग्निशमन विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह आग त्रिपोलिया बाजार स्थित पुरोहित जी का कटला में लगी, जो जयपुर की ऐतिहासिक चारदीवारी का हिस्सा है। जयपुर की चारदीवारी को 2019 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था।

यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने के लिए तैयार नामांकन दस्तावेज में त्रिपोलिया बाजार का भी विशेष उल्लेख किया गया है। यूनेस्को के दस्तावेज में त्रिपोलिया बाजार को चारदीवारी की प्रमुख व्यापारिक धुरियों में से एक का हिस्सा बताया गया है। यह धुरी छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ तक फैली है और ‘सिटी पैलेस’ क्षेत्र की एक सीमा बनाती है।

त्रिपोलिया बाजार चारदीवारी के व्यस्त पारंपरिक कारोबारी क्षेत्रों में से एक है। इसके भीतर स्थित पुरोहित जी का कटला थोक कारोबार, खासकर कपड़ों और शादी से जुड़े सामान के लिए जाना जाता है।

SCROLL FOR NEXT