जयपुर : जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया (25) की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि हत्या की घटना में इस्तेमाल गाड़ी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) के रूप में हुई है, चारों जोबनेर के रहने वाले हैं।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी करधनी इलाके में छिपे हुए हैं, इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की और पीछा कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके अनुसार, वर्ष 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी और इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। उन्होंने बताया कि वारदात वाले दिन भी विजय और अनीश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद अनीश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हत्या से एक दिन पहले कुल्हाड़ी खरीदी थी और बुधवार रात चारों ने कैंपर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर एसयूवी का पीछा किया और करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर के पास उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इससे विजय की कार खराब हो गई और वह जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागने लगा, तभी आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि मृतक विजय बाजिया जोबनेर थाना क्षेत्र के तिबारियां गांव का रहने वाला था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में हत्या के दो मामलों सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे तथा वह करीब 10 साल से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और कई गिरोहों के संपर्क में था।