राजस्थान के 12 शहरों में पारा 40 डिग्री पार सांकेतिक चित्र इंटरनेट से साभार
राजस्थान

राजस्थान के 12 शहरों में पारा 40 डिग्री पार

कोटा के अस्पतालों में हीटवेव वार्ड,मरीजों के लिए विशेष बेड रिजर्व

राजस्थान में अप्रैल के महीने में ही गर्मी ने अपने रौद्र रूप का अहसास कराना शुरू कर दिया है। मरुधरा के कण-कण में अब तपिश महसूस की जा रही है। सोमवार को राज्य के 12 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि थार के रेगिस्तान वाले बाड़मेर और जैसलमेर से भी अधिक गर्मी कोटा में दर्ज की गई, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।

प्रदेश में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब झुलसाने लगी हैं। राजधानी जयपुर और फलोदी जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को रात में भी चैन नहीं मिल रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र, जयपुर के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिससे सूरज की किरणें सीधे धरती पर आएंगी। विभाग ने राज्य में हीटवेव (लू) चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

प्रमुख शहरों का तापमान

सोमवार को गर्मी के आंकड़ों ने सबको हैरान कर दिया। फलोदी और बाड़मेर में दिन की झुलसाने वाली धूप के बाद रात का पारा 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। सबसे गर्म रात फलोदी में रही, जहां न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों की स्थिति कुछ इस प्रकार रही-

  • बाड़मेर: रात का पारा 27.5°C

  • जयपुर: दिन का अधिकतम 40°C, रात का न्यूनतम 27°C (सामान्य से 3°C अधिक)

  • जैसलमेर: रात का पारा 26°C

  • कोटा: रात का पारा 26.4°C

आगामी सप्ताह

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले सप्ताह में पारा 45 डिग्री के स्तर को भी छू सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता न होने के कारण शुष्क हवाएं गर्मी को और अधिक कष्टदायक बना रही हैं।

SCROLL FOR NEXT