जयपुर : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को बाड़मेर के पचपदरा में रिफाइनरी के पेट्रो जोन में पेट्रोकेमिकल उद्योग स्थापित नहीं होने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर गंवा रही है।
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि रिफाइनरी स्थापित होने के बावजूद अब तक पेट्रो जोन में पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योग शुरू नहीं हो पाए हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी कांग्रेस सरकार ने तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सहयोग से पचपदरा में रिफाइनरी स्थापित करने का निर्णय लिया था और पेट्रो जोन के लिए जमीन भी आवंटित कर दी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद उम्मीद थी कि वह पेट्रो जोन सहित अन्य क्षेत्रों में पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योग स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठाएगी, लेकिन पिछले तीन वर्षों में इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रिफाइनरी का काम लगभग पूरा हो गया था। मौजूदा सरकार को केवल ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार करना था, जिससे नए उद्योग स्थापित होते और प्रदेश के युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान में रिफाइनरी स्थापित होने के बावजूद उससे निकलने वाला कच्चा माल प्रसंस्करण के लिए दूसरे राज्यों में जाएगा। इससे उन राज्यों को फायदा होगा और रोजगार के अवसर भी वहीं पैदा होंगे, जबकि राजस्थान के युवा इन अवसरों से वंचित रह जाएंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि राजस्थान के हिस्से के रोजगार के अवसर आखिर किसे मिल रहे हैं।