जयपुर : राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की एक टीम ने एक अभियान के तहत सोमवार को जयपुर के गौरव टावर स्थित ‘McDonald’s’ समेत दो रेस्तरां पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि रेस्तरां में फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ अत्यंत घटिया, अनुपयोगी और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक खाद्य तेल में तले जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 100 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट की गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर जयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल की खाद्य सुरक्षा टीम ने गौरव टॉवर स्थित दो रेस्तरां का निरीक्षण किया।
डॉ. मित्तल ने बताया कि रेस्तरां में जिस रिफाइंड पामोलीन खाद्य तेल में फ्रेंच फ्राइस एवं अन्य खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे उसका कुल ध्रुवीय यौगिक (TPC) स्तर निर्धारित अधिकतम सीमा 25 से बहुत अधिक पाया गया।
उन्होंने बताया कि जिस तेल में नॉनवेज तला जा रहा था उसका टीपीसी 28 और वेज खाद्य पदार्थों के लिए उपयोग किए जा रहे तेल का टीपीसी 31 था।
डॉ. मनीष ने बताया कि टीपीसी एक मापदंड है, जो खाद्य तेल की गुणवत्ता को बताता है और इसकी मात्रा 25 से अधिक होने पर तेल एक तरह से विषाक्त हो जाता है, जिसमें कैंसरकारक तत्व बन जाते हैं और हानिकारक वसा की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाती है, जो दिल की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनती है।
अधिकारी ने बताया कि टीम ने पाया कि ‘मैकडॉनल्ड्स’ रेस्तरां में उपयोग किया जा रहा तेल अत्यधिक काला हो चुका था और पूरी तरह अनुपयोगी स्थिति में था, इसके बावजूद इसी तेल को करीब 150 डिग्री सेल्सियस तापमान पर गर्म कर उसमें खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस तेल के नमूने लेकर लगभग 40 लीटर तेल को नष्ट करवाया गया। मौके पर उपस्थित रेस्तरां मैनेजर संभव भारद्वाज को तुरंत प्रभाव से केवल ताजा और मानक अनुरूप तेल के उपयोग के निर्देश दिए गए।
विभाग ने बताया कि रेस्तरां को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी और लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत एक अन्य रेस्तरां ‘चाट का चस्का’ में भी छापेमारी की गई और यहां लगभग 25 किलो दूषित खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। अधिकारी ने बताया कि खाद्य तेल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया है।
ये भी पढ़ें : सुखद : चंबल के बीहड़ में बढ़ा बाघों का कुनबा