जयपुर : राजस्थान के धौलपुर जिले में जमीन विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने दिवाली की रात कुएं में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए उसका बेटा भी कुएं में कूद गया। दोनों को बचाने के प्रयास में मां भी कुएं में उतर गई। हालांकि, महिला को मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई।
कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान पप्पू उर्फ सुरेश (60), उनकी पत्नी सरोज (55) और उनके बेटे इंद्रेश (25) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिसकर्मी हरिमोहन और एक अन्य व्यक्ति कुएं में उतरे और पिता-पुत्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंगाबाई बगीची मंदिर ट्रस्ट की जमीन से जुड़े विवाद का है। संबंधित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद था। इस मामले में एसडीएम न्यायालय और राजस्व अदालतों में सुनवाई हुई थी। वर्ष 2019 में मंदिर ट्रस्ट के पक्ष में फैसला आने की बात सामने आई है।
अधिकारी ने बताया कि इसके बावजूद जमीन के नामांतरण को लेकर विवाद बना हुआ था। इस बीच संबंधित परिवार ने जमीन पर मैरिज गार्डन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था और इसमें करीब 40 लाख रुपये लगाने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि 30 अक्टूबर को जमीन का नामांतरण मंदिर ट्रस्ट के नाम किए जाने के बाद परिवार परेशान था। पीड़ित पक्ष ने जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों पर आरोप भी लगाए हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है।