File Photo  
ओडिशा

ओडिशा में बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने पर हाई अलर्ट

सीमावर्ती जिलों को घुसपैठ पर किया गया सतर्क

कोलकाता : ओडिशा सरकार ने पश्चिम बंगाल से संभावित बांग्लादेशी घुसपैठियों के प्रवेश को लेकर सीमावर्ती जिलों बालासोर और मयूरभंज में सतर्कता बढ़ा दी है। यह कदम पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बाद उठाया गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (पूर्वी परिक्षेत्र) पिनाक मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में संदिग्ध घुसपैठियों की आवाजाही बढ़ने के कारण उनके ओडिशा में प्रवेश की आशंका है। इसे देखते हुए सीमा पर निगरानी कड़ी कर दी गई है और जलमार्गों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

राज्य सरकार ने सभी जिलों, विशेषकर सीमावर्ती इलाकों में विशेष अभियान शुरू किया है। कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत निर्वासित किया जाएगा।

वहीं, विपक्षी बीजद ने सरकार पर इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया। बीजद नेता गणेश्वर बेहरा ने कहा कि ओडिशा में घुसपैठियों की संख्या बहुत कम है और सरकार केवल राजनीतिक प्रचार कर रही है।

SCROLL FOR NEXT