होम्योपैथी पुस्तक का विमोचन 
ओडिशा

झारसुगुड़ा के पिता-पुत्र की होम्योपैथी पुस्तक का ग्रीस में विमोचन

एथेंस में आयोजित 20वें अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन में डॉ. देवश्लोक शर्मा और डॉ. जितेश शर्मा की पुस्तक को मिली वैश्विक पहचान

Ravi

झारसुगुड़ा : ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के लिए गौरव का विषय है कि यहां के पिता-पुत्र की जोड़ी द्वारा लिखित होम्योपैथी चिकित्सा पर आधारित पुस्तक का अंतरराष्ट्रीय मंच पर विमोचन किया गया। 13 से 15 नवंबर तक ग्रीस की राजधानी एथेंस स्थित वॉर म्यूजियम में आयोजित 20वें पेनहेलेनिक कांग्रेस ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन में रविवार को 'क्विंटेसेंस ऑफ होम्योपैथिक मटेरिया मेडिका' पुस्तक का लोकार्पण हुआ।

इसके लेखक वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवश्लोक शर्मा और उनके पुत्र डॉ. जितेश शर्मा हैं। बेल्जियम के प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. फ्रेडरिक श्रोयेन्स ने पुस्तक का विमोचन किया। समारोह में कांग्रेस आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. एलेफथेरियोस तापाकिस, यूरोपियन कमेटी फॉर होम्योपैथी की उपाध्यक्ष डॉ. नतालिया त्ज़िमा, डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस त्सितिनिडिस तथा भारतीय चिकित्सक डॉ. रुचि शिरुड़कर सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बी. जैन पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित पुस्तक में पारंपरिक मटेरिया मेडिका साहित्य और नैदानिक प्रेक्षणों के आधार पर औषधियों के लक्षणों का संकलन किया गया है।

तीन दशक से अधिक अनुभव रखने वाले डॉ. देवश्लोक शर्मा ने झारसुगुड़ा में जेडीएस मल्टी सुपर स्पेशलिटी होम्योपैथिक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके पुत्र डॉ. जितेश शर्मा एमडी हैं और अस्पताल के निदेशक हैं। दोनों लेखकों ने इस उपलब्धि को अपनी शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

SCROLL FOR NEXT