कोलकाता सिटी

भाई दूज पर नेताओं ने निभाई पारिवारिक परंपरा

कौस्तव बागची ने बहनों से लगवाया तिलक लॉकेट चटर्जी ने भाई की लंबी उम्र की कामना की

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व उत्तर 24 परगना जिले में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजनीतिक व्यस्तताओं से समय निकालकर जनप्रतिनिधियों ने भी पारिवारिक परंपराओं का निर्वाह किया। बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची ने अपने घर पर परिवार की दीदियों और बहनों से तिलक लगवाया, वहीं दक्षिणेश्वर स्थित आवास पर भाजपा की प्रदेश समिति की महासचिव एवं पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी ने अपने भाई को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।

बहनों से तिलक लगवाना नहीं भूले विधायक

माता-पिता की इकलौती संतान होने के बावजूद कौस्तव बागची हर वर्ष अपनी दीदियों और बहनों से भाई दूज का तिलक लगवाते हैं। विधायक बनने के बाद राजनीतिक और सामाजिक व्यस्तताएं बढ़ने के बावजूद उन्होंने यह दिन परिवार के लिए निकाला। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियां बढ़ने से घर पर समय देना मुश्किल होता है, लेकिन भाई दूज उनके लिए बेहद खास है। पिछले आठ वर्षों से उन्हें तिलक लगाने वाली नंदिता रायचौधरी ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

भाई को तिलक लगाकर की आरती

इधर, लॉकेट चटर्जी ने दक्षिणेश्वर स्थित अपने आवास पर भाई दूज मनाया। उन्होंने भाई को तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर सुख-समृद्धि एवं लंबी उम्र की कामना की। भाई ने भी उन्हें उपहार दिया। लॉकेट ने कहा कि भाई दूज भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर है। व्यस्त जीवन में परिवार के साथ बिताए पल अनमोल होते हैं।

SCROLL FOR NEXT