कोलकाता : बाल दिवस के अवसर पर सिद्धि चैरिटेबल एनजीओ द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लगभग 250 वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए एक भव्य और आनंदमय कार्निवल का आयोजन किया गया। सिद्धि की 20 महिला सदस्यों द्वारा संचालित यह संस्था बच्चों की खुशी, शिक्षा और सर्वांगीण विकास को अपना मुख्य उद्देश्य मानती है। संस्था का मानना है कि बच्चों के प्रति हमारा दायित्व केवल उन्हें उपहार देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें अपनेपन का एहसास कराना और उनके साथ उनके बचपन की खुशियों को जीना भी उतना ही जरूरी है।
“मेरे लिए बच्चों की मुस्कान से बढ़कर कोई खुशी नहीं। हमारा उद्देश्य सिर्फ उन्हें उपहार देना नहीं, बल्कि उनके साथ उनका बचपन जीना और उन्हें खुशियों के अनमोल पल देना है। उनके चेहरों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी संतुष्टि और हर साल कुछ नया करने की प्रेरणा है। मेरा विश्वास है कि हर बच्चे को शिक्षा के साथ खुशहाल बचपन पाने का भी पूरा अधिकार है।” -प्रीति अग्रवाल, संस्थापक सदस्या, सिद्धि चैरिटेबल एनजीओ
इस वर्ष कार्निवल स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक सजावट और बच्चों के पसंदीदा कार्टून किरदारों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया। बच्चों के मनोरंजन के लिए बाउंसी कैसल, पॉटरी मेकिंग, नेल आर्ट, टैटू मेकिंग, संगीत, नृत्य और कई तरह की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वादिष्ट भोजन, आइसक्रीम और ढेर सारी मस्ती ने इस दिन को बच्चों के लिए यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक बच्चे को एक विशेष गुडी बैग दिया गया, जिसमें उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी की बोतल, पेंसिल बॉक्स, टिफिन बॉक्स, चॉकलेट चिप्स और अन्य उपयोगी एवं पसंदीदा चीजें शामिल थीं। इस आयोजन का सबसे खूबसूरत पहलू यह था कि सिद्धि की सभी सदस्य उस दिन बच्चों के साथ स्वयं बच्चा बनकर उनकी खुशियों में शामिल हुईं। बच्चों की खिलखिलाहट, उनके चेहरे की चमक और बेफिक्र मुस्कान ही इस पूरे आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।