कोलकाता सिटी

तारापीठ में अब ऐप से बुक करें VIP दर्शन का स्लॉट, ऑनलाइन कूपन व्यवस्था शुरू

मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को संभालने और VIP दर्शन में पारदर्शिता लाने की पहल फिलहाल ऑफलाइन कूपन भी मिलेंगे

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता/तारापीठ: पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर में दर्शन व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंदिर में अब श्रद्धालु मोबाइल ऐप के जरिए VIP दर्शन के लिए ऑनलाइन स्लॉट और कूपन बुक कर सकेंगे। यह ऑनलाइन व्यवस्था रविवार से शुरू कर दी गई है। अब तक श्रद्धालुओं को VIP दर्शन के लिए मंदिर परिसर में जाकर 500 रुपये का फिजिकल कूपन लेना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से कूपन बुक करने की सुविधा मिलेगी। इससे मंदिर परिसर में कूपन लेने के लिए लगने वाली भीड़ को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बावजूद फिलहाल ऑफलाइन कूपन की सुविधा बंद नहीं की गई है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार जब तक ऑनलाइन सिस्टम पूरी तरह सुचारु नहीं हो जाता, तब तक श्रद्धालु मौके पर जाकर भी फिजिकल कूपन ले सकेंगे।

अधिकारियों ने खुद बुक किया ऑनलाइन कूपन

नई डिजिटल व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ रामपुरहाट के एसडीओ राठौर अश्विन बाबूसिंह और रामपुरहाट के विधायक ध्रुब साहा ने ऑनलाइन कूपन बुक कर किया। विधायक ने कहा कि डिजिटल कूपन व्यवस्था का उद्देश्य VIP दर्शन की प्रक्रिया में पहले सामने आई अनियमितताओं पर रोक लगाना है। तारापीठ सेवायत संघ के सचिव पुलक चटर्जी ने इस पायलट प्रोजेक्ट का स्वागत करते हुए कहा कि व्यवस्था को पूरी तरह लागू होने में कुछ महीने लग सकते हैं।

कौशिकी अमावस्या को लेकर विशेष तैयारी

इस बीच, इस सप्ताह गुरुवार को कौशिकी अमावस्या पड़ने के कारण तारापीठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में ऑनलाइन VIP बुकिंग व्यवस्था को भीड़ प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT