हावड़ा में ले जाकर युवक को बनाया था बंधक
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हेस्टिंग्स थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक 19 वर्षीय युवक और उसके दोस्त का अपहरण कर बर्बरतापूर्वक मारपीट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने न केवल दोनों की लाठी-डंडों और घूंसों से पिटाई की, बल्कि सिगरेट से शरीर को दागा, उनके बाल काट दिए और न्यूड वीडियो भी रिकॉर्ड किया। पीड़ित की शिकायत पर हेस्टिंग्स थाने की पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित अयान आलम (19) ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे उसके दोस्त अकदास राशिद ने उसे फोन कर नीचे ग्राउंड फ्लोर पर मिलने बुलाया। जब अयान नीचे आया, तो वहां आमिर और उमैर नाम के दो युवक एक कार से आए थे। उन्होंने अयान से अपने साथ चलने का अनुरोध किया, जिसके बाद अयान अपनी स्कूटी से उनके पीछे-पीछे चल पड़ा। जब वे हेस्टिंग्स के सैयद बाबा मजार के पास एजेसी बोस फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे, तभी अचानक आमिर और उमैर ने अपनी कार आगे अड़ाकर अयान का रास्ता रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उसे दाहिनी तरफ से ब्लॉक कर दिया।
हावड़ा ले जाकर रातभर दीं यातनाएं
कार से अयान खान, बिलाल, मेराज और 4-5 अज्ञात लोग नीचे उतरे। पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए आरोपी दोनों को गाली-गलौज करने लगे और जबरन हावड़ा स्थित एक अज्ञात जगह पर ले गए। शिकायत के मुताबिक, वहां आरोपियों ने अयान और मुस्तफा को लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने अयान के बाल काट दिए, उसके शरीर को जलती हुई सिगरेट से दागा और जबरन कपड़े उतरवाकर उसका न्यूड वीडियो भी बना लिया। रातभर प्रताड़ित करने के बाद, अगली सुबहआरोपियों ने दोनों को द्वितीय हुगली सेतु से कुछ गज पहले उनकी स्कूटी के साथ छोड़ दिया।