सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ग्रीन लाइन की चलती मेट्रो में कथित तौर पर नकली चाबी से गार्ड के केबिन का दरवाजा खोलकर एक युवक के अंदर घुसने से हड़कंप मच गया। केबिन में किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी का पता चलने के बाद मेट्रो प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल की विशेष टीम सक्रिय हो गई। शुरुआती तौर पर ट्रेन को हाइजैक करने की कोशिश की आशंका भी जताई गई। हालांकि, फूलबागान स्टेशन पर मेट्रो पहुंचते ही सुरक्षा बलों ने युवक को केबिन से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक बारासात के एक कॉलेज का प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान उसके बयानों में कई विसंगतियां मिली हैं और मोबाइल फोन में कुछ संदिग्ध संदेश भी पाए गए हैं।
चलती ट्रेन में खोला केबिन का दरवाजा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक हाल में हावड़ा जाने वाली ग्रीन लाइन मेट्रो में सवार हुआ था। ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित गार्ड के केबिन के दरवाजे को उसने कथित तौर पर एक चाबी की मदद से खोला और अंदर प्रवेश कर गया। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, अत्याधुनिक तकनीक से लैस कई रेक में गार्ड के केबिन में नियमित रूप से किसी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं रहती। इसी दौरान केबिन के भीतर किसी व्यक्ति की मौजूदगी का संकेत मिला। युवक ने अंदर कुछ स्विच भी दबाए, जिसके बाद चालक को पता चला कि केबिन में ऐसा व्यक्ति मौजूद है, जिसे वहां नहीं होना चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चालक ने तत्काल मेट्रो प्रशासन को इसकी जानकारी दी। संभावित खतरे को देखते हुए आरपीएफ के कंट्रोल रूम को भी अलर्ट किया गया।
चाबी कहां से मिली, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को मेट्रो के सीसीटीवी फुटेज से युवक के चाबी का इस्तेमाल कर गार्ड के केबिन में प्रवेश करने के कथित सबूत मिले हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उसे केबिन खोलने वाली चाबी कैसे मिली। पुलिस युवक से यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने चाबी कहां से हासिल की, केबिन में जाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की मदद या भूमिका थी। उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।