दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बेहला इलाके में गुरुवार की सुबह दो बसों की कथित रेस के बीच फंसने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 10 बजे बेहला थानांतर्गत बेहला चौरास्ता के पास शिमुलतला इलाके में हुआ। मृतक का नाम अभिरूप सरकार है। वह ठाकुरपुकुर के कालीचरण दत्ता रोड का रहनेवाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बस दूसरी बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान आगे चल रही बस ने अचानक ब्रेक लगा दिया और पीछे आ रही बस समय रहते अपनी रफ्तार नियंत्रित नहीं कर सकी और आगे बढ़ गई। इसी बीच दोनों बसों के बीच बाइक सवार फंस गया और बसों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल बाइक सवार को तुरंत विद्यासागर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अधिक से अधिक यात्रियों को बैठाने की होड़ में बस चालक अक्सर एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हैं और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं इलाके में आम हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान लगातार खतरे में रहती है। हादसे के बाद दोनों बसों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस बसों और चालकों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेलगाम और तेज रफ्तार बसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी बेहला के बरिसा हाई स्कूल के एक छात्र की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उस घटना के बाद प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाने की घोषणा की थी, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि लापरवाह वाहन संचालन की समस्या अब भी बनी हुई है।