कोलकाता: आनंदपुर थाना क्षेत्र के वेस्ट चौभागा इलाके में एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान के लिफ्ट शॉफ्ट में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय मो. फहद के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम लुडो और तौसीफ बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों ने एक निर्माणाधीन इमारत के लिफ्ट शॉफ्ट में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की मौत के लिए उसके दोस्त जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि दोस्तों की लापरवाही या किसी विवाद के कारण यह घटना हुई हो सकती है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला एक दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। जांच के दौरान पता चला है कि मो. फहद अपने दोस्तों के साथ उस निर्माणाधीन मकान में गया था। वहां पर्याप्त रोशनी नहीं थी, जिसके कारण अंधेरे में उसे लिफ्ट शॉफ्ट का अंदाजा नहीं हुआ और वह उसमें गिर गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण भी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्माणाधीन स्थलों पर जाने से बचें और सतर्कता बरतें।