कोलकाता : महानगर में प्रेमिका ने रिश्ता तोड़ा तो गुस्से में युवक ने उसपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए महिला के पति और उसके पड़ोसियों पर भी अभियुक्त ने ताबड़तोड़ हमला किया। घटना काशीपुर थाना इलाके की है। पुलिस ने मामले में अभियुक्त युवक दिलीप पाल को गिरफ्तार किया है। हमले में घायल 6 लोगों को आरजी कर अस्पताल ले जाया गया जहां एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार दिलीप पाल का काशीपुर इलाके में रहनेवाली महिला के साथ विवाहेतर संबंध था। महिला ने कुछ दिनों पहले उससे रिश्ता तोड़ दिया था। आरोप है कि घटना से गुस्साया अभियुक्त महिला पर लगातार रिश्ता बनाये रखने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि मंगलवार की रात अभियुक्त महिला के घर पर पहुंचा और उससे झगड़ा करने लगा। आरोप है कि झगड़े के दौरान अभियुक्त ने उसपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे उसके पति और पड़ोसियों पर भी उसने वार कर दिये। बाद में स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं दूसरी ओर महिला की शिकायत पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर पता लगा रही है कि उसने किस कारणवश उसने हमला किया था ।