कोलकाता : महानगर में मोबाइल फोन चोर होने के संदेह में एक युवक की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि पिटायी के दौरान तीन युवकों ने युवक का सिर दीवार से टकरा दिया। चोट लगने से युवक बेहोश हो गया। बेटे की पिटायी होती देख उसे बचाने पहुंची उसकी मां भी घायल हो गई। युवक की मां ने इस संबंध में इंटाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार की सुबह हुई। सुबह करीब तीन बजे साउथ सियालदह रोड निवासी एक युवक का मोबाइल फोन खो गया। तीनों आरोपित युवक इलाके के एक गैराज के पास मोबाइल फोन की तलाश करने लगे। मोबाइल फोन चोरी का आरोप उसी इलाके के निवासी सुजन नामक युवक पर लगा। उन्होंने मोबाइल चोर होने के संदेह में उसकी पिटाई शुरू कर दी। लात, घूंसे और थप्पड़ मारने के बाद युवक का सिर भी दीवार से टकरा दिया। खबर मिलते ही युवक की मां उसी रात घर से बाहर निकली। वह अपने बेटे को बचाने की कोशिश करने लगी। आरोप है कि अभियुक्तों ने महिला की पिटाई भी की। क्षेत्र के निवासी उसकी सहायता के लिए आगे आये। उनके बेटे को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक का वहां इलाज चल रहा है। महिला ने इस संबंध में इंटाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।