फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

फुटबॉल मैच देखने के दौरान विवाद, युवक पर चाकू से हमला

जोड़ाबागान थाना अंतर्गत निमतल्ला घाट स्ट्रीट की घटना

कोलकाता : महानगर में एक क्लब में फुटबॉल मैच देखने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके घाव पर 18 टांके लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना जोड़ाबागान थाना अंतर्गत निमतल्ला घाट स्ट्रीट की है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 जुलाई 2026 की रात करीब 1:45 बजे की है। नेताजीनगर के रहने वाले सिद्धार्थ गुहा (47) निमतल्ला घाट स्ट्रीट स्थित एक क्लब में फुटबॉल मैच देख रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अंकित साहा उर्फ गुड्डू और उसके भाई मोनू साहा के साथ उनकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने मिलकर सिद्धार्थ गुहा पर हमला कर दिया। इस बीच अंकित साहा उर्फ गुड्डू ने धारदार चाकू से सिद्धार्थ के दाहिने हाथ की कोहनी पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को बीच सड़क पर दोबारा देख लेने की धमकी भी दी। घटना के तुरंत बाद घायल सिद्धार्थ गुहा को विशुद्धानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के मुताबिक, चाकू के गहरे घाव के कारण पीड़ित की कोहनी पर करीब 18 टांके लगाने पड़े हैं। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


SCROLL FOR NEXT