कोलकाता : महानगर में एक चांदी कारोबारी के कर्मचारी को फोन करके 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की है। अभियुक्त का नाम आशीष शर्मा है। कोलकाता पुलिस के डीडी के एआरएस विभाग के अधिकारियों ने उसे तालतला के एसएन बनर्जी रोड से पकड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों पहले एक चांदी कारोबारी के कर्मचारी ने शिकायत दर्ज करायी थी कि एक व्यक्ति उसे और उसके मालिक को फोन कर लगातार धमकी दे रहा है। आरोप है कि अभियुक्त ने 10 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी। रुपये नहीं देने पर अभियुक्त ने अंजाम भुगतने की धमकी थी। इसके बाद ही व्यवसायी की तरफ से लालबाजार और शेक्सपियर सरणी थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस के एआरएस अधिकारियों ने अभियुक्त को धर-दबोचा। अभियुक्त ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि वह एक प्राइवेट नौकरी करता था। उसने धमकी भरा फोन क्यों किया इसे लेकर उसने कोई सही जवाब नहीं दिया है। बुधवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।