कोलकाता : न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमिय हाजरा लेन में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर एक किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम शशि कुमार है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित को बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
बातचीत करने से नाराज था आरोपित
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमिय हाजरा लेन के रहने वाले आरोपित शशि कुमार का इलाके की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच, दीपक गुप्ता नाम का किशोर भी उस युवती से बातचीत करने लगा था। शशि कुमार को दीपक का उस लड़की से बातचीत करना बिल्कुल पसंद नहीं था। इसे लेकर दोनों के बीच पहले भी तनाव हुआ था। बुधवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि शशि कुमार ने गुस्से में आकर दीपक गुप्ता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की सूचना पर न्यू मार्केट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपित शशि कुमार को धर दबोचा।
गुरुवार को न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपित शशि कुमार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि इस हत्याकांड की तह तक जाने, वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और घटनाक्रम के पुनर्निर्माण के लिए आरोपित से पूछताछ बेहद जरूरी है। पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने आरोपित शशि कुमार को 3 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।