फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

नशे की हालत में नर्सों से दुर्व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार

एसएसकेएम अस्पताल के महिला वार्ड की घटना

कोलकाता : महानगर के प्रतिष्ठित एसएसकेएम अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। गुरुवार को एक बाहरी युवक महिलाओं के वार्ड में घुस गया और वहां ड्यूटी पर तैनात नर्सों के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोपित युवक का नाम अम्बर रायचौधरी बताया गया है। बाद में भवानीपुर थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।

क्या है पूरा मामला

सूत्रों के अनुसार, युवक की एक रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती थी और वह उससे मिलने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा कर्मियों की नजर बचाकर वह एसएसकेएम के मेन ब्लॉक स्थित महिलाओं के वार्ड में दाखिल हो गया। जब ड्यूटी पर मौजूद नर्सों ने उसके संदिग्ध व्यवहार को लेकर पूछताछ की, तो उसने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताया। नर्सों के सवाल करने पर उसने बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर सभी के साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे वार्ड में अफरातफरी मच गई। अस्पताल के पुलिस आउटपोस्ट को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जांच में पता चला कि अम्बर रायचौधरी खुद को कोलकाता नगर निगम का कर्मचारी बता रहा था और उसके पास से निगम का एक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) भी बरामद किया गया। अस्पताल प्रशासन ने भवानीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। शिकायत के अनुसार, अम्बर रायचौधरी, जो रोगी अनिमा रायचौधरी का रिश्तेदार है, निर्धारित समय समाप्त होने के बाद महिलाओं के वार्ड में घुसने की कोशिश कर रहा था। रोके जाने पर उसने नर्सों से बदसलूकी की और धमकी भी दी। गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले इसी एसएसकेएम अस्पताल में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई थी। आरोपित ने डॉक्टर की वर्दी पहनकर लड़की को धोखे से ट्रॉमा केयर ब्लॉक के पीछे स्थित शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया था। उस मामले में पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज हुआ था।

SCROLL FOR NEXT