दीपक,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : अपनी भाभी को पत्नी बताकर उसकी तस्वीर का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करते हुए पूर्व पत्नी के नाम पर 3.26 लाख रुपये का लोन लेने के आरोप में नदियाल थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख ताहिर अली के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को उसे अलीपुर अदालत में पेश किया। रविवार को सुनवाई के दौरान अलीपुर अदालत ने गिरफ्तार आरोपी शेख ताहिर अली को 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
क्या है पूरा मामला
अदालत में सरकारी वकील शुभाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि शेख ताहिर अली का अपनी पत्नी से वर्ष 2023 में तलाक हो गया था। आरोप है कि तलाक के बाद पूर्व पत्नी को पता चला कि उसके नाम पर एक ऋण प्रदान करने वाली संस्था से 3.26 लाख रुपये का लोन लिया गया है। शिकायत के अनुसार, लोन की रकम आरोपी शेख ताहिर अली के बैंक खाते में जमा हुई थी। आरोप यह भी है कि लोन लेने के दौरान ताहिर अली ने ऋणदाता संस्था के समक्ष अपनी भाभी को पत्नी के रूप में पेश किया और उसकी तस्वीर को अपनी पत्नी की तस्वीर बताकर जमा किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की शिकायत नदियाल थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शेख ताहिर अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लोन लेने की प्रक्रिया में किन दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारियों का इस्तेमाल किया गया था।