कोलकाता : गरफा थाना क्षेत्र में एक इवेंट मैनेजमेंट टीम की डांस कोरियोग्राफर ने अपने लिव-इन पार्टनर पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और गर्भपात कराने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभियुक्त प्रद्युम्न दास उर्फ आदि को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता के अनुसार दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था और पिछले दो वर्षों से वे लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस वर्ष जनवरी में युवती को पता चला कि वह गर्भवती है। इसके बाद दोनों के संबंधों में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने गर्भवती होने पर नाराज होकर उससे मारपीट की और गर्भपात कराने के लिए दबाव डालने लगा, लेकिन युवती मां बनना चाहती थी।
पीड़िता का आरोप है कि 4 मार्च की शाम आरोपित ने उसे हालतू स्थित एक परिचित के घर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में दवा मिलाकर पिला दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और घर लौटने के बाद उसे तेज रक्तस्राव शुरू हो गया, जिसके बाद मृत भ्रूण बाहर आ गया। गंभीर रूप से बीमार होने के बाद स्थानीय चिकित्सक की सलाह से कुछ हद तक ठीक होने पर उसने गरफा थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में पुलिस को आरोपित के बारे में चौंकाने वाली जानकारी मिली है। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपित के पास वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और राशन कार्ड जैसे कई पहचान पत्र हैं, लेकिन सभी दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी हैं। असल में वह बांग्लादेश का नागरिक है, जो नदिया सीमा के रास्ते भारत में घुसकर नकली दस्तावेजों के सहारे यहां रह रहा था। बताया गया है कि उसी फर्जी पहचान के आधार पर उसने गरफा थाना क्षेत्र के कालूपाड़ा इलाके में किराये पर मकान भी लिया था, जहां दोनों साथ रह रहे थे। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 में एक साझा मित्र के जरिए उसकी मुलाकात प्रद्युम्न से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। बाद में उसे पता चला कि युवक बांग्लादेशी नागरिक है, फिर भी वह संबंध में बनी रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले भी विदेशी नागरिक कानून (फॉरेनर्स एक्ट) की धारा 14 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह किसके जरिए भारत में आया और फर्जी दस्तावेज बनाकर यहां कैसे रह रहा था।