कोलकाता : करीब 11 साल पुराने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोलकाता से आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे टेंगरा इलाके से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2015 में रंजीत सिंह ने गाजियाबाद की खोडा कॉलोनी की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ कोलकाता ले आया था और उससे शादी कर ली थी। इस घटना के बाद लड़की के परिवार ने उसके खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही आरोपित कोलकाता में अपनी पत्नी के साथ छिपकर रह रहा था। इस दौरान लड़की बालिग हो चुकी है और दंपति का एक बच्चा भी है, जो अब स्कूल में पढ़ता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रंजीत को कई बार जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया, लेकिन उसने कभी सहयोग नहीं किया। वह बार-बार पुलिस को गुमराह करता रहा और अपनी लोकेशन बदलने की जानकारी देता रहा। हाल ही में खोडा थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उसकी लोकेशन कोलकाता में ट्रेस की। इसके बाद गाजियाबाद अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोलकाता पुलिस के सहयोग से टेंगरा इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है, जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा।