सांकेतिक फोटो 
कोलकाता सिटी

पाथेरप्रतिमा में ससुराल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो गिरफ्तार

पुलिस दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना की जांच में जुटी

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर : छह महीने पहले दूर की रिश्तेदार ममेरी बहन से प्रेम विवाह करने वाले युवक का शव उनके ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक का नाम राकिबुल्ला मोल्ला है। वह पाथेरप्रतिमा के दक्षिण गंगाधरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान फैजुल हक मोल्ला का भाई है। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और परिवार के सूत्रों के अनुसार, राकिबुल्ला ने छह महीने पहले अपनी दूर की रिश्तेदार ममेरी बहन से प्रेम विवाह किया था। परिवार की असहमति के बावजूद हुई इस शादी के बाद राकिबुल्ला की पत्नी अपने मायके में ही रहती थी। राकिबुल्ला कभी-कभी ससुराल जाया करता था। शुक्रवार की रात वह ससुराल गया था। रात करीब साढ़े तीन बजे राकिबुल्ला के परिवार को फोन पर सूचना दी गई कि उसने गले में फंदा लगाकर 'आत्महत्या' कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने राकिबुल्ला का शव बिछौना पर पड़ा देखा। शव पर कई जगह खरोंच के निशान देखकर परिजनों को संदेह हुआ। ढोलाहाट थाने की पुलिस को सूचित किया गया। परिजनों का आरोप है कि राकिबुल्ला की हत्या की गई है। फैजुल हक ने दावा किया कि उसके भाई की पत्नी के कई पुरुषों के साथ अवैध संबंध थे। परिजनों ने ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है, जिसके आधार पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह हत्या थी या आत्महत्या।

सुंदरवन पुलिस के उच्च अधिकारी का बयान

सुंदरवन पुलिस के उच्च अधिकारी ने कहा कि इलाके की सीसीटीवी कैमरें की जांच की जा रही है। इस हत्याकांड में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT