कोलकाता : दुर्गापूजा के उल्लास के बीच मध्य कोलकाता के तारा चंद दत्ता स्ट्रीट स्थित ‘यंग बॉयज क्लब’ इस वर्ष अपनी पूजा के 57वें वर्ष में खास संदेश के साथ दर्शकों का स्वागत करने की तैयारी में है।
क्लब ने इस बार पूजा मंडप की थीम ‘राम राज्य’ रखी है। इसके माध्यम से शांति, न्याय, सम्मान, सद्भाव और आदर्श सामाजिक व्यवस्था का संदेश देने की कोशिश की गई है।
आयोजकों के अनुसार, मंडप की परिकल्पना ऐसी सामाजिक व्यवस्था को सामने रखने की है, जहां अन्याय पर न्याय, अपमान पर सम्मान और दमन पर धर्म की जीत हो। साथ ही प्रकृति के साथ संतुलन और सद्भाव को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है।
इस वर्ष पूजा मंडप की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पर्यावरण-अनुकूल सजावट है। प्रसिद्ध कलाकार देबशंकर महेश ने मंडप का डिजाइन तैयार किया है। पूर्व मेदिनीपुर के कारीगर सूखी पत्तियों, फल, फूल, बीज और प्राकृतिक रेशों जैसी सामग्रियों से मंडप को आकार दे रहे हैं। पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक लाइटिंग का संयोजन इसे विशेष रूप देने की तैयारी है।
देवी दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण मेदिनीपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार कुशाध्वज बेरा ने किया है। यंग बॉयज क्लब के मुख्य आयोजक राकेश सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा भक्ति के साथ रचनात्मकता और सामाजिक संदेश को जोड़ने का अवसर है। ‘राम राज्य’ के जरिए आदर्श समाज की परिकल्पना दर्शकों के सामने रखने का प्रयास किया गया है।
क्लब के यूथ प्रेसिडेंट विक्रांत सिंह ने बताया कि इस थीम में न्याय, जिम्मेदारी, सद्भाव और दया जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है। वहीं को-ऑर्गनाइजर विनोद सिंह ने कहा कि क्लब हर वर्ष पंडाल की भव्यता के साथ सार्थक कहानी और सामाजिक संदेश देने का प्रयास करता है।
महापंचमी से मंडप आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। पूजा के दौरान बड़े पैमाने पर प्रसाद वितरण की भी योजना है। सेंट्रल एवेन्यू और रवींद्र सरणी को जोड़ने वाली तारा चंद दत्ता स्ट्रीट पर स्थित यह पूजा पंडाल कोलकाता समेत विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की तैयारी में है।