सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जबलपुर की युवा हिंदी लेखिका बाबुषा कोहली को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। कोलकाता की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन और भारतीय भाषा परिषद ने संयुक्त रूप से उनके नाम की घोषणा की है।
सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन के संयुक्त महासचिव प्रो. संजय जायसवाल ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर से कोलकाता में शुरू होने वाले 32वें हिंदी मेले के दौरान यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। 27 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘कोलकाता कविता उत्सव’ के अवसर पर बाबुषा कोहली को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न और मानपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान प्रतिवर्ष परमेश्वरी देवी पोद्दार की स्मृति में उनकी सुपुत्री श्रीमती शशि बायंवाला के सौजन्य से प्रदान किया जाता है। सम्मान के लिए गठित निर्णायक समिति में वरिष्ठ आलोचक शंभुनाथ, रामनिवास द्विवेदी, मृत्युंजय श्रीवास्तव, सुशील कांति और राजेश साव शामिल थे।
लेखन के क्षेत्र में करीब 20 वर्षों से सक्रिय बाबुषा कोहली ने हिंदी साहित्य में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘प्रेम गिलहरी दिल अखरोट’ (2014), ‘बावन चिट्ठियां’ (2018), ‘भाप के घर में शीशे की लड़की’ (2021), ‘तट से नहीं... पानी से बंधती है नाव’ (2021), ‘उस लड़की का नाम ब्रह्मलता है’ (2023), ‘मिजराब’ (2023), ‘लौ’ (2025) और ‘सत्य मधुमक्खी का छत्ता है’ (2026) शामिल हैं।
बाबुषा कोहली को इस सम्मान के लिए चुना जाना समकालीन हिंदी साहित्य में उनके लंबे रचनात्मक योगदान और लेखकीय उपलब्धियों का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।