दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भवानीपुर थाना इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय युवा नेता पर भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई और उसकी मां के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाने की पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी तृणमूल नेता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान संदीप साव के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर-73 के युवा तृणमूल कांग्रेस का पूर्व अध्यक्ष बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता द्वारा भवानीपुर थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार पिछले गुरुवार को संदीप साव कथित तौर पर उसके घर के पास उस पर अचानक भड़क उठा और फिर हमला कर दिया। आरोप है कि जब कार्यकर्ता की मां बीच-बचाव करने आईं, तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और छेड़छाड़ की गई। गुरुवार को घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद भवानीपुर थाने की पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए आरोपी संदीप साव को धर दबोचा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी हिंसा और मारपीट के पीछे आखिर असल वजह क्या थी। अदालत में आरोपी पक्ष के वकील ने अपनी दलील में कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार है और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा है। वहीं, सरकारी वकील सौरीन घोषाल ने पुलिस हिरासत की मांग करते हुए कहा कि मारपीट के कारण पीड़ित की बाईं आंख में गंभीर चोट आई है और मामले की जांच के लिए आरोपी से पूछताछ जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 10 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।