कोलकाता : सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय, कोलकाता की जेवियर्स कॉमर्स एंड मैनेजमेंट सोसाइटी (XCMS) की ओर से 2 नवंबर 2026 को फादर अल्बर्ट हुआर्ट हॉल में XavUltra Talks ’26 का आयोजन किया गया। ‘भविष्य के निर्माण की दिशा में : इंडस्ट्री 4.0 के युग में व्यावसायिक नेतृत्व’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के विशेषज्ञों और विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन का उद्देश्य बदलते कॉर्पोरेट परिवेश में नेतृत्व, तकनीकी बदलाव और उद्योग-अकादमिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति रेव. फादर डॉ. जॉन फेलिक्स राज, एस.जे., कुलसचिव रेव. फादर डॉ. जेवियर
जेयराज, एस.जे., वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के डीन डॉ. सोमनाथ बनर्जी, कैंपस मिनिस्टर मारियो मार्टिन लुईस तथा एलुमनाई एसोसिएशन के मानद सचिव वत्सल चिमार उपस्थित रहे। सोसाइटी के प्रोफेसर्स-इन-चार्ज डॉ. सम्राट बनर्जी और डॉ. मिली कर ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेषज्ञों ने कॉर्पोरेट नेतृत्व और वित्तीय प्रबंधन पर रखे विचार
कार्यक्रम के मुख्य पैनल में विजन आरएक्स लैब के पूर्व ग्लोबल सीएफओ डॉ. जॉयदीप मुखर्जी, इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस एडवोकेट डॉ. ममता बिनानी तथा ध्रुवा एडवाइजर्स एलएलपी के पार्टनर आदित्य हंस शामिल हुए।
परिचर्चा का संचालन स्टार्टअप कैप्टन के संस्थापक सीए शिवम कुमार बजाज ने किया। वक्ताओं ने कॉर्पोरेट गवर्नेंस, वित्तीय निर्णय, बिजनेस एडवाइजरी, तकनीकी परिवर्तन और सतत विकास पर अपने अनुभव साझा किए।
प्रो. अस्वथ दामोदरन के साथ विशेष वेबिनार
मुख्य आयोजन से पहले न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस के प्रोफेसर ऑफ फाइनेंस प्रो. अस्वथ दामोदरन के साथ वेबिनार हुआ। इसमें बिजनेस वैल्यूएशन, कॉर्पोरेट फाइनेंस और वित्तीय क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर चर्चा हुई। सन्मार्ग कार्यक्रम का हिंदी मीडिया पार्टनर रहा। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और सवाल-जवाब के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।