फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

भविष्य बदलने और गृह शांति के नाम पर ठगी

नशीला प्रसाद खिलाकर महिला के लाखों रुपये व सोने के जेवर लूटे

बेहला थाना में मामला दर्ज

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : ढोंगी साधु और उसके साथियों द्वारा तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला को ठगी का शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को भविष्य संवारने और गृह क्लेश दूर करने का झांसा देकर करीब 3.29 लाख रुपये नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण हड़प लिए।

पीड़िता मामोनी दत्ता द्वारा बेहला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह पूरा घटनाक्रम 14 अक्टूबर 2023 से शुरू हुआ। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने खुद को एक बड़ा पुजारी और सिद्ध पुरुष बताकर पीड़िता से संपर्क किया। उसने पीड़िता को झांसे में लेते हुए दावा किया कि वह उसका भविष्य बदल देगा और उस पर मंडरा रहे बुरे साए को खत्म कर देगा। झांसे में आकर पीड़िता ने अपने घर पर पूजा-पाठ का आयोजन किया, जिसमें मुख्य आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा। पूजा-पाठ के बहाने आरोपियों ने पीड़िता से अलग-अलग किस्तों में कुल 3.29 लाख रुपये ऐंठ लिए।

अश्लील प्रस्ताव और जेवर ऐंठने की साजिश

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी ने पीड़िता की गरिमा को ठेस पहुंचाने की नीयत से उसके सामने अश्लील प्रस्ताव भी रखा। इसके बाद आरोपियों ने एक और गहरी साजिश रची। उन्होंने पीड़िता से कहा कि विशेष अनुष्ठान के लिए घर में मौजूद सारा सोना एक जगह एकत्र करना होगा।

नशीला प्रसाद खिलाकर वारदात को दिया अंजाम

नवंबर 2025 में सभी आरोपी फिर से पीड़िता के घर पहुंचे। पूजा के दौरान आरोपियों ने पीड़िता को ''प्रसाद'' खाने को दिया। आरोप है कि प्रसाद में कोई नशीला या अचेत करने वाला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे खाते ही पीड़िता अर्ध-बेहोशी की हालत में चली गई। महिला के अचेत होते ही आरोपियों ने घर में रखे सोने के सभी आभूषण समेट लिए और फरार हो गए।

विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी

होश में आने पर जब पीड़िता को ठगी और चोरी का अहसास हुआ, तो उसने आरोपियों का विरोध किया और अपने जेवर वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

SCROLL FOR NEXT