कसबा में इसी जगह पर हुई थी हत्या 
कोलकाता सिटी

बेटी के सामने ही कर दी पत्नी की हत्या

कसबा के बोसपुकुर इलाके की घटना, शराब और जुए के लिए रुपये नहीं देने पर हुआ था विवाद

कोलकाता : जुआ और शराब की लत के कारण रुपये न मिलने पर एक व्यक्ति ने रविवार भोर सुबह अपनी पत्नी की क्रूरता से हत्या कर दी। घटना के समय आरोपित ने अपनी 16 वर्षीय बेटी के सामने ही पत्नी पर चाकू से लगातार वार किए। घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे कसबा थानांतर्गत बोसपुकुर इलाके की है। मृतका का नाम स्वप्ना सिंह (42) है। पुलिस ने मामले में अभियुक्त विनोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार स्वप्ना सिंह कई घरों में नौकरानी के रूप में काम करती थीं और परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य थीं। आरोपित विनोद सिंह एक ग्रिल फैक्ट्री में काम करता था, लेकिन जुआ और शराब की लत के कारण अक्सर रुपये की मांग को लेकर पत्नी से झगड़ा करता था। वह अपनी पत्नी पर किसी अन्य से अवैध संबंध होने का भी शक करता था । बेटी की शिकायत के अनुसार, शनिवार रात को विनोद सिंह ने स्वप्ना से 4 हजार रुपये मांगे। जब स्वप्ना ने देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच जोरदार बहस हो गई। पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया क्योंकि बगल के घर में श्राद्ध समारोह चल रहा था। आखिरकार स्वप्ना ने पति को घर से बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया। रविवार भोर सुबह विनोद सिंह वापस लौटा और दरवाजा खटखटाने लगा। 16 वर्षीय बेटी ने दरवाजा खोला, तब स्वप्ना सो रही थीं। बेटी के बयान के अनुसार, आरोपित ने बिना किसी उकसावे के रसोई से चाकू लेकर अपनी पत्नी पर कई बार वार कर दिए। स्वप्ना के पेट पर चाकू के गहरे घाव थे । पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर स्वप्ना को तुरंत चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे विनोद सिंह को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सुबह करीब 6.30 बजे अस्पताल से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आरोपित को बेटी की शिकायत पर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि विनोद सिंह अक्सर पत्नी के काम करने वाले घरों पर पहुंचकर हंगामा करता था, जिसकी वजह से स्वप्ना को कई बार नौकरी छोड़नी पड़ी थी। दंपति की तीन बेटियां हैं, जिनमें दो शादीशुदा हैं जबकि सबसे छोटी बेटी माता-पिता के साथ रहती थी और इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी बनी। मृतका के रिश्तेदारों ने बताया कि स्वप्ना ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करती थी, लेकिन आरोपी लगातार उसे परेशान करता रहता था। अ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

SCROLL FOR NEXT